चुनाव आयोग पर सवालों को लेकर महापौर का पलटवार:गिरीश पति त्रिपाठी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना; कहा- रामलला की धरती से उनकी सद्बुद्धि की कामना करता हूं
चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष की ओर से लगातार उठाए जा रहे सवालों पर अयोध्या नगर निगम के महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता की राह जनसमर्थन के जरिए तलाशनी चाहिए। संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम का वातावरण बनाना उचित नहीं है। महापौर ने 26 सितंबर को चुनाव आयोग की ओर से दी गई जानकारी का हवाला देते हुए कहा कि फॉर्म-6, मतदाता सूची और चुनाव आयुक्तों के बीच कथित मतभेद से जुड़े सवालों पर आयोग ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। आयोग ने 26 सितंबर की बैठक के बाद कहा था कि एसआईआर से जुड़े अंतिम निर्णय आम सहमति से लिए गए। मतदाता सूची को लेकर कही ये बात गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या आपत्तियों के निस्तारण की संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया है। चुनाव आयोग समय-समय पर मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम करता है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और जनसुलभ बनाने की प्रक्रिया को राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर निर्धारित नियमों के तहत काम करना है। नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 का इस्तेमाल किया जाता है। राहुल गांधी पर भी साधा निशाना महापौर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि वह अयोध्या की रामलला की धरती से राहुल गांधी की सद्बुद्धि की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों को जनता के बीच जाकर अपना समर्थन बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। कांग्रेस छोड़ने की वजह भी बताई गिरीश पति त्रिपाठी ने अपने कांग्रेस छोड़ने की वजह बताते हुए कहा कि राम मंदिर निर्माण में योगदान देने की उनकी इच्छा थी। उनके अनुसार कांग्रेस में रहते हुए ऐसा करने पर पार्टी से बाहर किए जाने की आशंका और उससे जुड़ी पीड़ा उनके मन में थी। इसी संदर्भ में उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र किया। महापौर ने कहा कि 1989 के बाद उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में कांग्रेस की सरकार नहीं बनी। ऐसे में हर राजनीतिक नुकसान के लिए चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता का फैसला कई राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों से प्रभावित होता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)