चुनाव से पहले बूथों की होगी सुरक्षा जांच:अलीगढ़ में डीएम-एसएसपी ने बैठक में दिए निर्देश, 21 मानकों पर परखेंगे संवेदनशीलता
विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के तहत प्रशासन ने मतदान केंद्रों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है। सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारी संयुक्त भ्रमण कर बूथों की संवेदनशीलता का आकलन करेंगे। निर्वाचन आयोग के 21 मानकों पर क्रिटिकल मतदान केंद्र चिह्नित किए जाएंगे। वहीं, प्रत्येक बूथ पर रैंप, शेड, पेयजल, शौचालय और बिजली जैसी न्यूनतम सुविधाएं (एएमएफ) समय से पूरी कराई जाएंगी। मंगलवार को पुलिस लाइन छेरत में डीएम अविनाश कुमार और एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। डीएम ने कहा कि मतदाताओं को डराना-धमकाना, प्रलोभन देना या दबाव बनाना वल्नरेबिलिटी की श्रेणी में आता है। ऐसे क्षेत्रों और मतदाता समूहों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से संवाद कर वास्तविक स्थिति के आधार पर रिपोर्ट तैयार करें। वल्नरेबिलिटी क्षेत्र से, क्रिटिकलिटी बूथ से जुड़ी डीएम ने स्पष्ट किया कि वल्नरेबिलिटी किसी क्षेत्र या मतदाता समूह से संबंधित है, जबकि क्रिटिकलिटी मतदान केंद्र से जुड़ी होती है। इसलिए दोनों का आकलन अलग-अलग किया जाए। सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से भ्रमण कर मतदान केंद्रों तक पहुंचने के रास्ते, पुलिस बल की आवाजाही में आने वाली दिक्कतें और पैदल पहुंचने की स्थिति का भी आकलन करेंगे। मतदान के दौरान शाम को अंधेरा होने पर सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को भी रिपोर्ट में शामिल करना होगा। बूथों पर सुविधाओं का होगा भौतिक सत्यापन डीएम ने एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटीज (एएमएफ) पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ पर रैंप, शेड, पेयजल, चालू शौचालय और बिजली की उपलब्धता जांची जाए। जहां कमी मिले, उसे रिपोर्ट में दर्ज कर संबंधित विभागों, विशेषकर पंचायतीराज विभाग के माध्यम से समय से दूर कराया जाए। निरीक्षण के समय किसी बूथ पर बुनियादी सुविधाओं की कमी नहीं मिलनी चाहिए। तीन चरणों में तैयार होगी रिपोर्ट वल्नरेबिलिटी मैपिंग के लिए वीएम-1 में उपलब्ध सूचनाओं का विश्लेषण होगा। इसके बाद दोनों अधिकारी संयुक्त रूप से बीएम-1 भरेंगे। इसके आधार पर वीएम-2 पुनर्सत्यापन फार्म तैयार होगा। अंत में प्रत्येक सेक्टर की बीएम-3 समरी रिपोर्ट संयुक्त हस्ताक्षर से संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर को सौंपी जाएगी। एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने पुलिस अधिकारियों को स्थानीय परिस्थितियों, संवेदनशील स्थानों, थानों से सेक्टर की दूरी और सुरक्षा बलों की तैनाती से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों का बारीकी से आकलन करने के निर्देश दिए। आवंटित सेक्टर के अंतर्गत आने वाले थानों का भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने वल्नरेबिलिटी और क्रिटिकलिटी के अंतर, निर्धारित प्रारूपों और सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की तथ्यात्मक रिपोर्ट के आधार पर ही मतदाताओं की सुरक्षा और स्वतंत्र मतदान सुनिश्चित किया जा सकेगा। बैठक में सीडीओ योगेंद्र कुमार, एडीएम सिटी संगीता देवी, एडीएम प्रशासन सौरभ भट्ट, सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार गुप्ता, एसपी सिटी आदित्य बंसल, एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र, एसपी ट्रैफिक प्रवीण कुमार सहित जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)