चुनावी हार का ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ रही कांग्रेस:उन्नाव में जिला पंचायत अध्यक्ष बोलीं- SIR और फॉर्म-6 पर चुनाव आयोग स्थिति साफ कर चुका है
उन्नाव में जिला पंचायत कार्यालय में सोमवार शाम करीब पांच बजे आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह ने कांग्रेस और विपक्ष पर चुनावी हार का ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार के बाद कांग्रेस अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक कमियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए चुनाव आयोग समेत संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रही है। शकुन सिंह ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और फॉर्म-6 को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर चुनाव आयोग 26 सितंबर को स्थिति स्पष्ट कर चुका है। आयोग के अनुसार देशभर में SIR से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दोनों चुनाव आयुक्तों की सहमति से लिए गए हैं। 24 जून 2025 का SIR आदेश और विभिन्न राज्यों के लिए जारी समय-सारणी भी सर्वसम्मति से स्वीकृत हुई थी। फॉर्म-6 को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि फॉर्म-6 को लेकर भी भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है। चुनाव आयोग के पोर्टल पर SIR-2026 के तहत नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि SIR के दौरान फॉर्म के साथ संबंधित घोषणा लागू है, जबकि गैर-SIR अवधि में 1960 के नियमों के तहत निर्धारित फॉर्म का इस्तेमाल किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के फैसले का किया जिक्र शकुन सिंह ने कहा कि 27 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने बिहार में SIR की वैधता से जुड़े मामले में निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया को कानून के दायरे में माना था। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का आधिकारिक रिकॉर्ड बिहार की मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण और चुनाव आयोग की संवैधानिक शक्तियों से जुड़े मामले को दर्शाता है। BLO के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने की बात उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग मतदाता सूची में नाम जोड़ने के साथ छूटे हुए मतदाताओं तक पहुंचने के लिए भी काम कर रहा है। 26 सितंबर के आयोग के निर्णय के अनुसार SIR में नोटिस पाए कुछ लोगों के घर बीएलओ जाकर दस्तावेज एकत्र कर सकते हैं और उन्हें ईसीआईनेट पर अपलोड कर सकते हैं। ऐसे मामलों में सामान्य तौर पर व्यक्तिगत सुनवाई के लिए कार्यालय बुलाने की जरूरत नहीं होगी। राहुल गांधी के पुराने बयानों का भी जिक्र पत्रकार वार्ता में शकुन सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ईवीएम और चुनाव आयोग से संबंधित पुराने बयानों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चुनाव दर चुनाव हार के बाद संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक जनादेश का सम्मान नहीं है। उन्होंने राफेल मामले में राहुल गांधी की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दिए गए स्पष्टीकरण और माफी का भी जिक्र किया। सेना की कार्रवाई और संस्थाओं को लेकर भी उठाए सवाल शकुन सिंह ने कांग्रेस पर सेना की कार्रवाई और देश की संस्थाओं को लेकर सवाल खड़े करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को संवैधानिक संस्थाओं को राजनीतिक विवाद का विषय बनाने के बजाय जनता के बीच अपनी राजनीतिक कार्यप्रणाली का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी से संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने संबंधी आरोपों पर देश से माफी मांगने की मांग की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)