देरी पर 20% तक घट सकती है उपज:बलरामपुर में अतिवृष्टि और तेज हवा से गन्ना खेतों में बिछा, किसानों से तुरंत बांधने की अपील
बलरामपुर में अतिवृष्टि और तेज हवाओं ने जिले में गन्ने की फसल को खासा नुकसान पहुंचाया है। कई क्षेत्रों में खेतों में खड़ा गन्ना गिरने और झुकने से किसानों के सामने फसल बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है। ऐसे में जिला गन्ना अधिकारी संजय कुमार ने सोमवार दोपहर 1:30 बजे किसानों से समय रहते गिरे और झुके गन्ने को सावधानीपूर्वक उठाकर बांधने की अपील की है। जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि प्रभावित किसानों को राहत और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के लिए गन्ना विकास विभाग तथा चीनी मिलों की 248 टीमें मैदान में उतारी गई हैं। इनमें बलरामपुर चीनी मिल की 125, तुलसीपुर चीनी मिल की 78 और उतरौला चीनी मिल की 45 टीमें शामिल हैं। टीमें गांव-गांव और खेत-खेत पहुंचकर किसानों को फसल बचाव के जरूरी उपाय बता रही हैं। अधिकारी के मुताबिक, गिरे हुए गन्ने को समय रहते उठाकर बांधना बेहद जरूरी है। ऐसा न करने पर गन्ने की उपज में करीब 10 से 20 प्रतिशत तक कमी आ सकती है। इतना ही नहीं, आगामी बुवाई के लिए सुरक्षित रखे जाने वाले गन्ना बीज की गुणवत्ता पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ सकता है। खेतों से पानी की निकासी सुनिश्चित की जाएगी फसल बचाव के लिए विभाग ने तीन चरणों में कार्ययोजना तैयार की है। पहले चरण में पूरी तरह गिर चुके गन्ने को उठाकर बांधा जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में झुके हुए गन्ने को सहारा देकर बांधा जाएगा। तीसरे चरण में जलभराव वाले खेतों से पानी की निकासी सुनिश्चित की जाएगी। जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि गन्ने को उठाते और बांधते समय अत्यधिक जोर न लगाएं। जल्दबाजी में खींचने से गन्ने की जड़ें उखड़ सकती हैं, जिससे पौधे के सूखने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए गन्ने को धीरे-धीरे उठाकर उचित सहारा देते हुए बांधा जाए। वहीं, जिन खेतों में बारिश का पानी जमा है, वहां किसान यथाशीघ्र जल निकासी की व्यवस्था करें। लंबे समय तक खेत में पानी भरा रहने से गन्ने की जड़ों और फसल की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों से विभागीय टीमों और चीनी मिलों के कर्मचारियों से समन्वय बनाकर तकनीकी सहयोग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समय पर उठाया गया एक कदम गन्ने की खड़ी फसल को बड़े नुकसान से बचा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)