दहेज के 2 लाख रुपए कम मिले, बारात नहीं आई:संभल में दूल्हे ने फोन कर मना किया; दहेज के 3 लाख भी वापस किए
संभल में दहेज के 2 लाख रुपए नहीं मिलने पर दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हे के पिता ने बारात आने से करीब 4 घंटे पहले फोन कर आने से मना कर दिया। परिवार के मुताबिक, 5 लाख रुपए देने की बात तय हुई थी। इसमें से 3 लाख रुपए पहले ही दिए जा चुके थे। बुधवार रात 8 बजे निकाह होना था, लेकिन बारात नहीं पहुंची। इसके बाद दुल्हन पक्ष ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। फोन कर बारात लाने से किया मना मामला संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर टांडा गांव का है। यहां स्वर्गीय बाबू रिहान की बेटी शानिया मलिक का निकाह मेरठ जिले के इंचौली थाना क्षेत्र के फिटकरी गांव निवासी सालिम के बेटे आकिब से होना था। दुल्हन के चाचा शान मोहम्मद के मुताबिक, दूल्हे के पिता सालिम ने शाम करीब 4 बजे फोन कर बारात लाने से मना कर दिया। परिवार के लोग रात 10 बजे तक उनसे बारात लाने की गुजारिश करते रहे, लेकिन वे नहीं माने। 1,000 मेहमानों के लिए किया था इंतजाम परिवार के मुताबिक, निकाह की सभी तैयारियां पूरी थीं। करीब 1,000 लोगों के खाने का इंतजाम किया गया था। शाम 7 बजे खाना शुरू हुआ और अगले दो घंटे में 400 से 500 लोग खाना खा चुके थे। बारात नहीं आने से परिवार की तैयारियां धरी रह गईं। 5 लाख रुपए देने की हुई थी बात शान मोहम्मद ने बताया कि दूल्हे के परिवार ने 5 लाख रुपए मांगे थे। इसमें से 3 लाख रुपए दिए जा चुके थे। बाकी 2 लाख रुपए देने की परिवार की हैसियत नहीं थी। आरोप है कि दूल्हे के पिता ने कहा था कि पहले पूरे 5 लाख रुपए दें, तभी बारात लेकर आएंगे। दुल्हन पक्ष के मुताबिक, दूल्हा दिल्ली में कबाड़ का काम करता है। दुल्हन का भाई शुएब भी दिल्ली में कबाड़ का काम करता है। कुछ समय पहले दोनों परिवारों के लोग टांडा गांव में एक मौत के मौके पर मिले थे। इसी दौरान दूल्हे पक्ष की नजर शानिया पर पड़ी और रिश्ते की बात शुरू हुई थी। दुल्हन बोली- शादी से तीन दिन पहले किया था इनकार दुल्हन शानिया मलिक उर्फ सन्नु ने आरोप लगाया कि उसके चाचा ने दूल्हे पक्ष को 3 लाख रुपए दिए थे। अब वे 2 लाख रुपए और मांग रहे हैं। शानिया के मुताबिक, दूल्हे ने शादी के लिए पहले हामी भरी थी, लेकिन शादी से तीन दिन पहले बारात लाने से मना कर दिया। तब तक शादी के कार्ड छप चुके थे और तैयारियां भी पूरी हो गई थीं। शानिया ने दूल्हे पक्ष के दूसरे युवक से बातचीत के आरोपों को झूठा बताया। उसने कहा कि वह किसी से बात नहीं करती। गांव के कुछ लोगों ने दूल्हे से कहा था कि वे यह रिश्ता नहीं होने देंगे। इसके बावजूद वह दूल्हे के घर में ही रहना चाहती है। पुलिस कर रही मामले की जांच जरीफ अहमद ने बताया कि मेरठ जिले के इंचौली थाना क्षेत्र के गजवा फिटकरी गांव में रहने वाले परिवार ने रिश्ता तय होने पर करीब 3 लाख रुपए दिए थे। लड़की के पिता का दो-तीन साल पहले इंतकाल हो गया था। उसका एक बेटा दिल्ली में कबाड़ के गोदाम पर मजदूरी करता है। जरीफ के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच लेन-देन की बात तय हुई थी और लड़की के परिवार ने अपनी हैसियत से ज्यादा रकम पहले ही दे दी थी। अब लड़के वाले बारात लेकर नहीं पहुंचे। उनका परिवार बातचीत के लिए तैयार है। इंस्पेक्टर मोहित चौधरी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। टांडा पुलिस चौकी प्रभारी को जांच के लिए कहा गया है। जांच के बाद परिजनों की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)