सहारनपुर में पति पर दूसरी महिला से अफेयर:पत्नी को गायब कराने की धमकी, महिला शिक्षक ने पति समेत ससुराल के 7 लोगों पर कराई FIR
सहारनपुर में पंजाबी बाग निवासी एक महिला शिक्षक ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि पति शराब पीकर घर आते हैं और उसे घर से निकालने के साथ रातोंरात गायब कराने की धमकी देते हैं। पति के एक अन्य महिला शिक्षक से कथित संबंधों को लेकर भी वैवाहिक विवाद चल रहा है। महिला ने संबंधित अध्यापिका पर भी फोन और व्हाट्सएप के जरिए धमकियां देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पंजाबी बाग निवासी 39 वर्षीय मीनाक्षी पंवार बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापिका हैं। उनका विवाह 21 फरवरी 2015 को विक्रमादित्य पंवार से हुआ था। दोनों का 11 वर्षीय बेटा है, जो कक्षा पांच में पढ़ता है। महिला के अनुसार, शादी से पहले से ही वह सरकारी नौकरी में थीं। पति उस समय रोजगार में नहीं थे, इसलिए उन्होंने ऋण लेकर पति को गाड़ी दिलवाई और अपना एटीएम कार्ड भी उन्हें इस्तेमाल करने के लिए दे रखा था। पति की पढ़ाई और करियर आगे बढ़ाने में भी सहयोग किया। शुरुआती वर्षों में वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन पिछले कुछ समय से पति और ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया। सीढ़ियों पर गाली देकर कहा- रातोंरात गायब करा दूंगा महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि पति शराब पीकर देर रात घर आते हैं और नशे में गाली-गलौज तथा अभद्र व्यवहार करते हैं। कई बार उसे और बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी गई। 30 जुलाई 2026 को पति ने घर की सीढ़ियों पर खड़े होकर उसे अपमानजनक शब्द कहे और घर से निकल जाने को कहा। साथ ही धमकी दी कि रातोंरात उसे यहां से गायब करा देंगे। महिला ने घर के आसपास कुछ अज्ञात लोगों की संदिग्ध गतिविधियां होने और पति द्वारा उन्हें अपने पीछे लगाने की आशंका भी जताई है। ननद ने बच्चा छीनने, जेठ ने घर से निकालने की दी धमकी शिकायत के मुताबिक, 15 जनवरी 2026 को ननद कल्पना ने गाली-गलौज करते हुए बच्चा छीनने और भाई की दूसरी शादी कराने की धमकी दी। 27 जुलाई 2026 को जेठ विवेक पंवार ने भी घर से निकल जाने को कहा। महिला का आरोप है कि जेठ, ननद, बहनोई, चाचा और परिवार के अन्य सदस्य उस पर तलाक लेने तथा बेटे को उससे अलग करने का दबाव बना रहे हैं। ननद ने कथित तौर पर उससे कहा कि भाई की जिंदगी खराब मत कर, अपना सामान बांधकर चली जा और बेटा परिवार को दे जा। दूसरी महिला शिक्षक से संबंधों के फोटो और लेटर देने का दावा मीनाक्षी ने पति के स्वाती यादव नाम की महिला अध्यापिका से कथित नजदीकी संबंध होने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि दोनों पहले बहराइच में तैनात रहे थे। बाद में अलग-अलग समय पर सहारनपुर में उनकी तैनाती हुई। महिला के अनुसार, पति वर्ष 2025 में नकुड़ ब्लॉक के फतेहपुर जाट से स्थानांतरित होकर मुजफ्फराबाद ब्लॉक के नाजिमाबाद उर्फ इस्लामनगर विद्यालय पहुंचे। वहीं, स्वाती यादव की तैनाती पुंवारका ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय चटका में है। महिला का दावा है कि उसे पति के पर्स से संबंधित अध्यापिका का फोटो मिला था। उसके पास दोनों के संबंधों से जुड़े कुछ पत्र भी हैं। उसने फोटो और आठ पत्रों के साथ अन्य दस्तावेज पुलिस को दिए हैं। आरोप है कि स्वाती यादव ने उसे फोन और व्हाट्सएप संदेश भेजकर जान से मारने की धमकी दी। पति पर मोबाइल से संदेश और कॉल के साक्ष्य मिटाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है। महिला ने पिछले चार वर्षों के दौरान दोनों के बीच हुए कथित आर्थिक लेन-देन, कॉल डिटेल, लोकेशन और होटल-गेस्ट हाउस में ठहरने से जुड़े साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है। गैस खुली छोड़ने और बिजली के नंगे तार मिलने का आरोप महिला ने घर में सुरक्षा को लेकर भी गंभीर आशंकाएं जताई हैं। उसका कहना है कि कई बार रसोई में गैस का रेगुलेटर खुला मिला और घर में बिजली के नंगे तार पाए गए। इस कारण उसने रसोई में ताला लगा दिया है। पहले घर में सीसीटीवी कैमरे लगे थे, लेकिन अब उनका एक्सेस उससे ले लिया गया है। महिला ने नए कैमरे लगवाने और उनका एक्सेस अपने पास दिलाने के साथ गैस व बिजली व्यवस्था का निरीक्षण कराने की मांग की है। मकान बेचने और बेटे को पैतृक संपत्ति से वंचित करने की आशंका महिला का आरोप है कि पति उसे मकान बेचने और घर से निकालने की धमकी देते हैं। ससुर की मृत्यु के बाद पति और उनके भाई द्वारा पैतृक मकान तथा गांव की कृषि भूमि अपने नाम कराने की कोशिश किए जाने की आशंका भी जताई है। पति कथित तौर पर बेटे के पैतृक संपत्ति संबंधी अधिकारों को खत्म कर संपत्ति अपने भाई के नाम करने की धमकी देते हैं। महिला के अनुसार, पैतृक संपत्ति से होने वाली आय का इस्तेमाल पति और उनका भाई कर रहे हैं, जबकि बेटे की पढ़ाई, फीस, किताबों, यूनिफॉर्म, चिकित्सा और पालन-पोषण का खर्च वह खुद उठा रही है। महिला ने अपने करीब 60 वर्षीय पिता और बीमार मां को भी मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पिता को बार-बार बेटी को अपने साथ ले जाने के लिए कहा जाता है, जबकि मां मधुमेह से पीड़ित हैं। लगातार पारिवारिक तनाव से उनके स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है। मीनाक्षी ने पुलिस से खुद और बेटे को सुरक्षा देने, पति एवं ससुराल पक्ष के खिलाफ निष्पक्ष जांच कराने, उपलब्ध फोटो, पत्र, कॉल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच करने तथा परिवार परामर्श कराने की मांग की है। उसने प्रार्थना-पत्र में यह भी कहा है कि वह परिवार नहीं तोड़ना चाहती, बल्कि पति और बेटे के साथ सम्मानपूर्वक जीवन बिताना चाहती है। भविष्य में उसके या बेटे के साथ कोई अप्रिय घटना होने पर शिकायत को पूर्व सूचना के रूप में रिकॉर्ड में रखने की मांग भी की है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)