ईशू की हथेली पर मेहंदी से लिखा था 'राज':झांसी SSP से मां ने कहा-बेटी की मौत की वजह जानती है सहेली और उसका चचेरा भाई
झांसी में 14 साल की बेटी की मौत का कारण जानने के लिए सोमवार को मां एसएसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने कहा कि बेटी की सहेली के चचेरे भाई राज और उसके दोस्त ने उसे मानसिक रूप से परेशान किया था। उनका कहना है कि बेटी की मौत के बाद उसकी हथेली पर मेंहदी से ‘राज’ लिखा मिला था। परिजनों ने पुलिस से ईशू की सहेली, राज और उसके दोस्त से पूछताछ कर मौत की वजह सामने लाने की मांग की है। 18 सितम्बर को ईशू ने आत्महत्या कर ली थी। कोचिंग के लिए गई, फिर सहेली के घर पहुंची प्रेमनगर थाना क्षेत्र के महावीरनपुरा निवासी ईशू परिहार 9वीं कक्षा में पढ़ती थी। उसकी मां लज्जावती ने बताया कि 18 सितंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे ईशू नैनागढ़ में कोचिंग पढ़ने गई थी। वहां टीचर नहीं आए तो वह वापस घर लौट आई। इसके बाद शाम करीब 6:30 बजे वह पास में रहने वाली अपनी सहेली के घर चली गई। मां के अनुसार करीब 7 बजे ईशू घर लौटी। उसने मां से कहा कि आप ऊपर किचन में जाकर खाना बना लो। परिवार घर के ऊपरी हिस्से में रहता है, जबकि नीचे वाले कमरे में ईशू के दादा रहते थे। उस दिन दादा घर पर नहीं थे। मां के ऊपर जाने के बाद ईशू नीचे दादा के कमरे में चली गई। कुछ देर बाद जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो ईशू कमरे में पंखे के हुक से दुपट्टे का फंदा लगाकर लटकी मिली। ममेरी बहन से शेयर करती थी अपनी बातें परिजनों के अनुसार ईशू अपने मामा की बेटी से अपनी निजी बातें शेयर करती थी। उसकी ममेरी बहन ने परिवार को बताया कि ईशू की अपनी सहेली के चचेरे भाई राज से चैटिंग होती थी। मां का आरोप है कि राज और उसके दोस्त ने ईशू को मानसिक रूप से परेशान किया था। परिजनों के मुताबिक ईशू ने राज के दोस्त को उसके जन्मदिन पर गिफ्ट भी दिया था। परिवार का कहना है कि इन बातों की जानकारी उन्हें ईशू की मौत के बाद हुई। मां और ताऊ का आरोप है कि इन्हीं लोगों के कारण ईशू मानसिक तनाव में थी। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इन आरोपों और किशोरी की मौत के बीच कोई संबंध था या नहीं। मौत के बाद हथेली पर मिला ‘राज’ नाम ईशू की मां का कहना है कि बेटी की मौत के बाद उसके दाएं हाथ की हथेली पर मेंहदी से ‘राज’ लिखा हुआ मिला था। इसी के आधार पर परिवार को उसकी सहेली के चचेरे भाई पर शक हुआ। मां ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर यह पता लगाने की मांग की है कि ईशू और राज के बीच किस तरह की बातचीत होती थी और क्या उसका उसकी मौत से कोई संबंध था। सहेली के भाई पीछा करते घर तक आए थे एसएसपी कार्यालय पहुंचे परिजनों ने एक और बात पुलिस को बताई। उनका कहना है कि ईशू जब अपनी सहेली के घर से लौटकर घर आ रही थी तो सहेली के दो भाई उसका पीछा करते हुए घर तक आए थे। ईशू के घर के अंदर जाने के बाद दोनों वापस लौट गए।
परिजनों का कहना है कि यह पूरा घटनाक्रम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुआ है। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि ईशू के पीछे कौन आया था और उस समय क्या हुआ था। घर में अपना मोबाइल नहीं था मां ने बताया कि ईशू के पास अपना मोबाइल फोन नहीं था। वह कभी मां तो कभी पिता का मोबाइल इस्तेमाल करती थी। परिजनों के मुताबिक घर में उसका किसी से कोई विवाद नहीं हुआ था। पढ़ाई को लेकर भी वह तनाव में नहीं थी।
परिवार का कहना है कि ईशू पढ़ाई में होशियार थी। ऐसे में उसकी मौत की वजह समझ में नहीं आ रही है। अब परिजन उसकी सहेली, राज और उसके दोस्तों से पूछताछ को इस मामले में अहम मान रहे हैं। मां ने एसएसपी को दिया शिकायती पत्र ईशू की मां लज्जावती ने सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया। इसमें उन्होंने बेटी की सहेली, उसके चचेरे भाई और अन्य दोस्तों के संबंध में जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
मां का कहना है कि बेटी की मौत को 10 दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें यह पता नहीं चल पाया है कि आखिर उनकी बेटी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। उन्होंने पुलिस से बेटी की सहेली और उसके चचेरे भाई समेत संबंधित लोगों से पूछताछ करने, सीसीटीवी फुटेज की जांच करने और मोबाइल चैट समेत अन्य तथ्यों की पड़ताल करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सामने आए आरोपों और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)