गाजीपुर में हादसे में पिता की मौत, पत्नी-बेटा घायल:स्कॉर्पियो की टक्कर से सड़क पर गिरा था परिवार, चालक फरार
गाजीपुर में स्कॉर्पियो की टक्कर से घायल मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी और बेटा भी घायल हुए हैं। तीनों बाइक से बाजार जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। बाजार जाते समय हुआ हादसा हादसा मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे खलसापुर के पास हुआ। शादियाबाद थाना क्षेत्र के सराय गोकुल के रहने वाले संजय बनवासी (55) अपनी पत्नी देववंती देवी (50) और बेटे मिथलेश (20) के साथ बाइक से रूहीपुर बाजार जा रहे थे। बाइक मिथलेश चला रहा था। इसी दौरान गाजीपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से चला गया। दो महिलाओं ने ऑटो रुकवाकर अस्पताल पहुंचाया हादसे के बाद भाजपा नेत्री विभा पाल और सुमन बिंद बुजुर्गा की तरफ पत्ती से बनी पत्तल लेने जा रही थीं। उन्होंने घायलों को सड़क पर पड़ा देखा और लोगों से मदद मांगी, लेकिन कोई वाहन रोकने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद दोनों ने एक ऑटो रुकवाया और तीनों घायलों को उसमें बैठाकर राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। इस दौरान एंबुलेंस के लिए भी फोन किया गया, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंची। ऐसे में इंतजार करने के बजाय ऑटो से ही घायलों को अस्पताल ले जाया गया। बीएचयू ट्रामा सेंटर में संजय की मौत राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद संजय की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां मंगलवार देर रात करीब 12 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पत्नी देववंती और बेटे मिथलेश का गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे संजय संजय मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनका बेटा मिथलेश भी मजदूरी करता है। परिवार में चार बेटे और एक बेटी हैं। अन्य बच्चों के नाम कमलेश (27), कविता (18), अरविंद (16) और विशाल (12) हैं। मिथलेश की शादी इसी साल जून के अंतिम सप्ताह में हुई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)