घर से परीक्षा देने निकले भाई-बहन लापता:हापुड़ से 17 नवंबर को निकले थे, पुलिस तलाश में जुटी
हापुड़ के जैतपुर गांव से परीक्षा देने गाजियाबाद गए भाई-बहन लापता हो गए। दोनों घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन परीक्षा केंद्र नहीं पहुंचे और घर भी नहीं लौटे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। केशव के 20 वर्षीय बेटे यतीन कुमार और 23 वर्षीय बेटी करुणा चौधरी 17 नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे घर से निकले थे। उन्होंने परिवार को बताया था कि वे गाजियाबाद के चौधरी मोड़ स्थित एमएमएच कॉलेज में परीक्षा देने जा रहे हैं। दोनों बस से गाजियाबाद के लिए रवाना हुए थे। शाम तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ की। संभावित जगहों पर भी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। परिवार को बाद में जानकारी मिली कि दोनों परीक्षा देने कॉलेज भी नहीं पहुंचे थे। 18 नवंबर को पिता केशव बाबूगढ़ थाने पहुंचे और पुलिस को जानकारी देकर शिकायत दी। बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर भाई-बहन की गुमशुदगी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों की तलाश में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)