हाईवे और एक्सप्रेस-वे किनारे खड़े अवैध वाहन हटेंगे:कोहरे में हादसे रोकने की तैयारी, एक्सप्रेस-वे के सभी कटों की होगी जांच

Nov 19, 2026 - 15:51
0
हाईवे और एक्सप्रेस-वे किनारे खड़े अवैध वाहन हटेंगे:कोहरे में हादसे रोकने की तैयारी, एक्सप्रेस-वे के सभी कटों की होगी जांच
सुल्तानपुर में आगामी कोहरे के मौसम में सड़क हादसों की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुगम व सुरक्षित बनाए रखने के लिए गुरुवार दोपहर 1 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पिछले माह लिए गए निर्णयों और उन पर हुई कार्रवाई की गहन समीक्षा की गई। डीएम ने स्पष्ट कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एक्सप्रेस-वे के कटों की होगी जांच, पटरियों से हटेगा अतिक्रमण बैठक के दौरान डीएम ने हाईवे और एक्सप्रेस-वे के किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले अवैध वाहनों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सड़क की पटरियों से अतिक्रमण और निर्माण सामग्री हटाने को भी कहा गया। उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के सभी कटों की बारीकी से जांच करने और वहां लगी खराब स्ट्रीट लाइटों को अविलंब ठीक कराने के आदेश दिए। इसके अलावा एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग (PWD), यूपीडा और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को अपने-अपने कार्यक्षेत्र की कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए गए। ब्लैक स्पॉट पर पहले होगा सुधार, लगेंगे रिफ्लेक्टर और साइनेज सड़क सुरक्षा के बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करने पर जोर देते हुए डीएम ने सड़कों की मरम्मत, रोड मार्किंग, पेंटिंग, सफेद पट्टियां, जेब्रा क्रॉसिंग, कैट्स आई, रिफ्लेक्टर और साइनेज का कार्य समयसीमा के भीतर पूरा करने को कहा। दुर्घटना बाहुल्य इलाकों और चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर प्राथमिकता से सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए। दृश्यता बढ़ाने के लिए सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई करने, गति नियंत्रित करने के लिए रंबल स्ट्रिप्स लगाने और प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। स्पीड रडार से होगी निगरानी, बिना रिफ्लेक्टिव टेप कटेगा चालान कोहरे के दौरान तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए संवेदनशील मार्गों पर गति सीमा का सख्ती से पालन कराया जाएगा। इसके लिए स्पीड रडार और इंटरसेप्टर वाहनों के माध्यम से निगरानी बढ़ाई जाएगी और नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी। डीएम ने एआरटीओ और यातायात पुलिस को निर्देशित किया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक, डंपर, ई-रिक्शा और स्कूली वाहनों पर मानक के अनुरूप रिफ्लेक्टिव टेप और फॉग लाइट अनिवार्य रूप से लगवाई जाएं। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की सख्त कार्रवाई की जाएगी। टोल प्लाजा पर तैनात रहेंगी एम्बुलेंस व क्रेन, चलेगा जागरूकता अभियान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डीएम ने पुलिस पीआरवी-112 और हाईवे पेट्रोलिंग टीमों को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए। टोल प्लाजा और प्रमुख स्थानों पर एम्बुलेंस व क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी हादसे की स्थिति में घायलों को तत्काल मदद पहुंचाई जा सके। इसके साथ ही टोल प्लाजा और प्रमुख चौराहों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम व डिजिटल बोर्ड के माध्यम से वाहन चालकों को कोहरे में धीमी गति से चलने, फॉग लाइट व इंडिकेटर का प्रयोग करने और वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए लगातार जागरूक किया जाएगा। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User