हरदोई में बाइक की टक्कर से आंगनबाड़ी सहायिका की मौत:घर से 100 कदम पहले हुआ हादसा, पति की हालत गंभीर
हरदोई में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से आंगनबाड़ी सहायिका की मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ड्यूटी के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। घर से महज 100 कदम पहले पीछे से आई दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। घायल पति को लखनऊ के KGMU रेफर किया गया है। घर के पास पीछे से बाइक ने मारी टक्कर हादसा पिहानी कोतवाली क्षेत्र के कंगोइया गांव के पास हुआ। मंजू देवी (46) पिहानी ब्लॉक के चठिया बुजुर्ग गांव में आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर तैनात थीं। मंगलवार सुबह वह रोजाना की तरह ड्यूटी पर गई थीं। दोपहर में उनके पति अरुण कुमार उन्हें लेने पहुंचे। इसके बाद दोनों बाइक से अपने गांव कंगोइया लौट रहे थे। घर से करीब 100 कदम पहले पीछे से आ रहे एक अन्य बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मंजू देवी और अरुण कुमार सड़क पर सिर के बल गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक सवार अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मेडिकल कॉलेज में मंजू देवी की मौत स्थानीय लोगों की मदद से परिजन दोनों को पिहानी CHC ले गए। वहां से चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान मंगलवार शाम करीब चार बजे मंजू देवी को मृत घोषित कर दिया गया। अरुण कुमार की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ स्थित KGMU रेफर कर दिया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। तीन बेटियों के सिर से उठा मां का साया मंजू देवी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उनके परिवार में पति के अलावा तीन बेटियां खुशबू, सुगंधा और गौरी हैं। उनका कोई बेटा नहीं है। मां की अचानक मौत से तीनों बेटियों के सिर से मां का साया उठ गया। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे शव का पंचनामा भरा गया। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि दुर्घटना दूसरे थाना क्षेत्र में हुई है। शव का पंचनामा भरवाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)