महिला ने सास-ससुर और देवर पर मारपीट का आरोप लगाया:कमरे पर कब्जे की शिकायत लेकर डीएम ऑफिस पहुंची
जौनपुर के वाजिदपुर उत्तरी मोहल्ले की साधना मौर्य बुधवार दोपहर करीब 12 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने सास, ससुर और देवर पर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और कमरे पर कब्जा करने का आरोप लगाया।
जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में साधना ने आरोप लगाया कि 27 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे उनके ससुर ओम प्रकाश मौर्य, सास ललिता देवी और देवर अवनीश कुमार ने दो पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और उनके कमरे में ताला लगाकर कब्जा करने की कोशिश हुई। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
साधना के मुताबिक, उन्होंने घटना की सूचना डायल 112 पर दी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद वह शहर कोतवाली पहुंचीं। उनका आरोप है कि वहां उनकी शिकायत नहीं सुनी गई और प्राथमिकी भी दर्ज नहीं की गई।
उन्होंने दावा किया कि घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। साधना ने बताया कि उनके पति असीम कुमार प्रकाश रोजी-रोटी के लिए मुंबई में रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ अब तक तीन-चार बार मारपीट हो चुकी है।
साधना ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)