डीएम के फर्जी हस्ताक्षर से छुट्टी का आदेश जारी:महाछठ पर सोमवार को अवकाश घोषित करने वाला पत्र वायरल; साइबर सेल करेगी जांच
देवरिया में जिलाधिकारी के फर्जी हस्ताक्षर से सोमवार को महाछठ पर्व पर जिले के सभी सरकारी और अर्द्धसरकारी कार्यालयों में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने वाला पत्र जारी किया गया। पत्र इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद जिला प्रशासन ने जांच शुरू कराई। डीएम मधुसूदन हुल्गी ने रविवार को वीडियो जारी कर पत्र को फर्जी बताया। उन्होंने साफ किया कि सोमवार को जिले में सार्वजनिक अवकाश नहीं है। सरकारी और अर्द्धसरकारी कार्यालय तय समय पर खुलेंगे और कामकाज सामान्य रूप से होगा। डीएम ने बताया कि इंटरमीडिएट तक के स्कूलों में अवकाश रहेगा। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों से इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित फर्जी आदेश और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी जाएगी। साइबर सेल से पत्र वायरल करने वाले की पहचान कराई जाएगी। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित पत्र में डीएम कार्यालय का उल्लेख है। उस पर 15 नवंबर की तारीख और पत्रांक भी लिखा है। पत्र में जिलाधिकारी के नाम से महाछठ पर सभी सरकारी और अर्द्धसरकारी कार्यालयों में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का आदेश दिया गया है। इसमें आदेश का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश भी है। पत्र में राज्यपाल के सचिव समेत जिले के अलग-अलग अधिकारियों को प्रतिलिपि भेजने का उल्लेख है। प्रशासन जांच कर रहा है कि पत्र किसने तैयार किया और इसे इंटरनेट मीडिया पर किसने प्रसारित किया। साइबर सेल की जांच के बाद आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)