गलत अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट से महिला का इलाज देर से हुआ:महराजगंज में परिवार ने डेढ़ लाख रुपये खर्च होने का आरोप लगाया, जांच की मांग की
महराजगंज के बृजमनगंज कस्बे में एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर गलत रिपोर्ट देने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता रामकिशोर पुत्र लालचंद का कहना है कि रिपोर्ट के कारण उनकी पत्नी की बीमारी का समय पर पता नहीं चला और उनकी जान खतरे में पड़ गई। इलाज और ऑपरेशन पर परिवार ने करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च किए। बृजमनगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह, आजादनगर निवासी रामकिशोर ने जिला अधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. को शिकायत दी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, 24 अक्टूबर 2026 को पत्नी रीना देवी के पेट में दर्द होने पर रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर में जांच कराई गई। आरोप है कि रिपोर्ट में दाहिनी किडनी में 4.7 एमएम की पथरी, गैस और सूजन बताई गई। इसके आधार पर एक सप्ताह तक पथरी की दवा दी गई, लेकिन दर्द बढ़ता गया और आराम नहीं मिला। इसके बाद एक चिकित्सक की सलाह पर 1 नवंबर को दूसरे अल्ट्रासाउंड सेंटर में जांच कराई गई। शिकायत के मुताबिक, नई रिपोर्ट में अपेंडिक्स फटने और संक्रमण का पता चला। परिजन महिला को तुरंत गोरखपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका ऑपरेशन हुआ। रामकिशोर ने आरोप लगाया कि पहली रिपोर्ट के कारण इलाज में देरी हुई। उन्होंने सेंटर के पंजीकरण और लाइसेंस के साथ अल्ट्रासाउंड करने वाले व्यक्ति की योग्यता की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कानूनी कार्रवाई, इलाज में हुए नुकसान की भरपाई और सेंटर को सील करने की मांग भी की है। जिला अधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से मामले की जांच कर निस्तारण करने को कहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)