इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर नामांकन कल से शुरू:23 अक्टूबर को मतदान, 27 को नतीजे; आचार संहिता लागू

Sep 28, 2026 - 20:09
0
इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर नामांकन कल से शुरू:23 अक्टूबर को मतदान, 27 को नतीजे; आचार संहिता लागू
विधान परिषद (MLC) की इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक सीट का चुनावी शंखनाद हो चुका है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा द्विवार्षिक चुनाव 2026 का कार्यक्रम जारी होते ही पूरे क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रशासन भी निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट में डीएम मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक हुई, जिसमें उप जिला निर्वाचन अधिकारी उपमा पाण्डेय ने चुनावी तैयारियों और आचार संहिता के कड़े नियमों की जानकारी दी। चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना मंगलवार, 29 सितंबर को जारी कर दी जाएगी, जिसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रत्याशी 29 सितंबर से 6 अक्टूबर (मंगलवार) तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन दाखिल करने का स्थान झांसी मण्डल के न्यायालय आयुक्त कार्यालय को बनाया गया है, जहां प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच पर्चे भरे जाएंगे। प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच (संवीक्षा) 7 अक्टूबर (बुधवार) को की जाएगी, जबकि नाम वापसी के लिए 9 अक्टूबर (शुक्रवार) तक का समय तय किया गया है। इसके बाद मैदान में बचे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने के लिए 23 अक्टूबर (शुक्रवार) को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतों की गिनती 27 अक्टूबर (मंगलवार) को होगी और इसी दिन चुनावी नतीजे सामने आ जाएंगे। आयोग ने पूरा चुनाव 31 अक्टूबर तक संपन्न कराने की सीमा तय की है। नेताओं को थमाई गई गाइडलाइन, नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि चुनाव कार्यक्रम के ऐलान के साथ ही क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो चुकी है। निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बैठक में मौजूद सभी दल के प्रतिनिधियों को भारत निर्वाचन आयोग की आचार संहिता संबंधी दिशा-निर्देशों की एक-एक कॉपी सौंपी गई है। अधिकारियों ने हिदायत दी है कि आचार संहिता के सुसंगत प्रावधानों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और किसी भी तरह के उल्लंघन पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User