इलाज में देरी के आरोप पर अस्पताल में डॉक्टर-वकील भिड़े:कन्नौज में वकीलों का आरोप- डेढ़ घंटे तक तड़पता रहा मरीज, नहीं पहुंचे डॉक्टर
कन्नौज के जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे डॉक्टरों और अधिवक्ताओं के बीच जमकर विवाद हो गया। जहरीला पदार्थ खाने वाले जूनियर अधिवक्ता के इलाज में लापरवाही के आरोप को लेकर शुरू हुई कहासुनी गाली-गलौज और अभद्रता तक पहुंच गई। हंगामे के बाद डॉक्टरों ने काम करने से इनकार कर दिया। दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। सूचना पर पहुंचे स्वास्थ्य अधिकारियों और पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। शाम 5 बजे तक अस्पताल में दोनों पक्षों के बीच खींचतान चलती रही। जहरीला पदार्थ खाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया जानकारी के मुताबिक, दनियापुर गांव निवासी अधिवक्ता संदीप ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। अधिवक्ता तरुण चंद्रा के अनुसार, संदीप को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि करीब डेढ़ घंटे तक वह बेड पर पड़ा रहा, लेकिन उसका इलाज शुरू नहीं हुआ। सीएमएस डॉ. जीएन द्विवेदी को फोन पर जानकारी देने के बाद वार्ड ब्वॉय मॉनिटर लगाने पहुंचा। इस दौरान अधिवक्ताओं ने डॉक्टरों के मौजूद न होने पर सवाल उठाए। वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनने का प्रयास आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने अधिवक्ताओं के साथ अभद्रता शुरू कर दी। मरीज के परिजन मोबाइल से वीडियो बनाने लगे तो स्वास्थ्य कर्मियों ने उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। इसकी जानकारी मिलने पर अन्य अधिवक्ता भी अस्पताल पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और जमकर हंगामा हुआ। डॉक्टर बोले- कार्रवाई होने तक काम पर नहीं लौटेंगे डॉ. मोहम्मद सावेद ने कहा कि अभद्रता करने वाले अधिवक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई होने तक डॉक्टर काम पर नहीं लौटेंगे। वहीं, सीएमएस डॉ. जीएन द्विवेदी ने इलाज में लापरवाही के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा- इमरजेंसी में डॉक्टर और स्टाफ मौजूद थे। वार्ड ब्वॉय मॉनिटर लगाने पहुंचा था, तभी अधिवक्ता भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। सीएमओ और पुलिस ने संभाला मोर्चा हंगामे की सूचना पर सीएमएस डॉ. जीएन द्विवेदी, सीएमओ डॉ. विकास चंद्रा और कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। हालांकि, दोनों पक्ष अपनी-अपनी मांग पर अड़े रहे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)