जाम में फंसी एंबुलेंस को NHAI ने निकाला:उन्नाव-कानपुर मार्ग पर 3 किलोमीटर लंबा जाम, गड्ढों से बढ़ी परेशानी

Sep 28, 2026 - 20:43
0
जाम में फंसी एंबुलेंस को NHAI ने निकाला:उन्नाव-कानपुर मार्ग पर 3 किलोमीटर लंबा जाम, गड्ढों से बढ़ी परेशानी
कानपुर के जाजमऊ से उन्नाव जाने वाले मार्ग पर सोमवार रात 7 बजे एक वाहन खराब होते ही यातायात व्यवस्था चरमरा गई। गंगापुल पर वाहन खराब होने के बाद रामादेवी की तरफ से आने वाले वाहनों की करीब दो किलोमीटर लंबी कतार लग गई। दूसरी ओर पुराने गंगापुल की मरम्मत के चलते उन्नाव से कानपुर आने वाले वाहनों की रफ्तार पहले से धीमी थी। देर रात तक दोनों तरफ वाहनों का दबाव बढ़ने से वाहन रेंगते रहें। हालात उस समय और गंभीर हो गए, जब उन्नाव की तरफ एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। एंबुलेंस को रास्ता नहीं मिलने पर एनएचएआई के पेट्रोलिंग वाहन ने मोर्चा संभाला। पेट्रोलिंग टीम ने एंबुलेंस को वाहनों के बीच से निकालते हुए उल्टी दिशा में कानपुर की ओर पहुंचाया, जिसके बाद उसे आगे जाने का रास्ता मिल सका। राहगीरों के मुताबिक कानपुर-उन्नाव मार्ग पर जगह-जगह सड़क पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। रात में इन गड्ढों के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। कई बार भारी वाहन गड्ढों में फंसकर खराब हो जाते हैं और इसके बाद पीछे चल रहे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। मेराज इराकी, उमेश कुमार और मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि कानपुर से उन्नाव जाने वाली सड़क पर गड्ढों का अंबार लगा है। वाहन लेकर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं है। उनका कहना है कि आए दिन गड्ढों की चपेट में आकर बड़े वाहन खराब होते हैं और इसके बाद लगने वाले जाम का खामियाजा आम राहगीरों को भुगतना पड़ता है। पुराने गंगापुल की मरम्मत के कारण पहले से ही उन्नाव-कानपुर के बीच यातायात प्रभावित है। ऐसे में जाजमऊ की ओर वाहन खराब होने से दोनों तरफ यातायात का दबाव बढ़ गया। देखते ही देखते वाहनों की कतार लंबी होती चली गई। दोपहिया और छोटे वाहन चालक भी जाम के बीच रास्ता तलाशते नजर आए। सूचना के बाद पुलिस और यातायात कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। खराब वाहन को हटाने और यातायात को धीरे-धीरे आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User