जल जीवन मिशन में 15 हजार करोड़ का घोटाला:आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने लगाया आरोप,भाजपा को चंदा देने वाली कंपनी को टेंडर मिलने का भी दावा
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत हुए कामों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक पानी पहुंचाने की योजना के नाम पर सरकारी धन की लूट हुई है। उनके मुताबिक, करीब 15 हजार करोड़ रुपये बिना काम किए निकाल लिए गए। उन्होंने इस पूरे मामले में विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी अधिकारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। संजय सिंह ने कहा कि मामले में केंद्र की जांच एजेंसियां भी चुप हैं। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि कासगंज, बरेली, सीतापुर और बस्ती में पानी की टंकियां गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। खुदाई के नाम पर भी घोटाला किया गया और ब्लैकलिस्टेड कंपनियों से सामान खरीदा गया। उन्होंने सवाल उठाया कि बरेली में जिस कंपनी के निर्माण की पानी की टंकी गिरी, उसी कंपनी को हैदराबाद में करोड़ों रुपये का टेंडर कैसे मिल गया? भाजपा को 60 करोड़ चंदा देने वाली कंपनी पर सवाल आप सांसद ने नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इस कंपनी ने भाजपा को 60 करोड़ रुपये का चंदा दिया है। उन्होंने सवाल किया कि जिस कंपनी पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं, उसे टेंडर कैसे मिल रहे हैं? विभागीय मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की? संजय सिंह ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 14 सितंबर को ईडी ने विभाग से भ्रष्टाचार से जुड़ी रिपोर्ट मांगी थी, लेकिन अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? उन्होंने पूछा कि ईडी इस कंपनी पर मेहरबान क्यों है? गोरखपुर की घटना पर भी सरकार को घेरा प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय सिंह ने गोरखपुर में हुई घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मामले में परिवार को भड़काने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिना जांच के हत्या का आरोप लगाया गया और हादसे पर राजनीति की जा रही है। संजय सिंह ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज जारी किया है और पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई है। मुख्यमंत्री के काफिले से हुए हादसे पर कार्रवाई पूछी संजय सिंह ने लखनऊ के अर्जुनगंज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काफिले से जुड़े हादसे का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया कि इस घटना में एक मां और बेटे की मौत हुई थी। उन्होंने सवाल किया कि इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोगों के मामलों में कार्रवाई नहीं होती, जबकि दूसरे मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाती है। अपने खिलाफ मुकदमों और दबाव का भी लगाया आरोप आप सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज कराए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिस मकान में उनका कार्यालय था, उसके मालिक को डराया और धमकाया गया। संजय सिंह ने कहा कि सरकार की आलोचना करने वालों को निशाना बनाया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)