वाराणसी के आदि केशव मंदिर में एकादशी पूजन:नमामि गंगे ने उतारी आरती, जनकल्याण की कामना कर बांटे तुलसी के पौधे

Nov 20, 2026 - 14:08
0
वाराणसी के आदि केशव मंदिर में एकादशी पूजन:नमामि गंगे ने उतारी आरती, जनकल्याण की कामना कर बांटे तुलसी के पौधे
वाराणसी में देवोत्थान एकादशी के अवसर पर नमामि गंगे की ओर से वरुणा और गंगा के संगम पर स्थित प्राचीन विष्णु तीर्थ आदि केशव मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। भगवान विष्णु के चार महीने की योग निद्रा से जागने के अवसर पर मंदिर में आरती उतारी गई और जनकल्याण व पर्यावरण संरक्षण की कामना की गई। इस दौरान भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और माता तुलसी का पूजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को तुलसी के पौधे वितरित किए गए। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक और नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि प्रबोधिनी एकादशी आध्यात्मिक जागृति और शुभ कार्यों के नए चक्र की शुरुआत का प्रतीक मानी जाती है। मान्यता है कि भगवान विष्णु के योग निद्रा से जागने के साथ देवताओं में उत्साह और संसार में नई ऊर्जा, प्रकाश व संतुलन का संचार होता है। चातुर्मास में तप, संयम और साधना के बाद यह दिन आत्मचेतना जागृत करने और जीवन को धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ाने का संदेश देता है। राजेश शुक्ला ने बताया कि काशी का प्राचीन विष्णु तीर्थ आदि केशव मंदिर हरि-हर एकता का प्रतीक है। यहां भगवान केशव की प्रतिमा के साथ संगमेश्वर लिंग भी स्थापित है, जो शैव और वैष्णव परंपराओं के समन्वय को दर्शाता है। कार्यक्रम में आदि केशव मंदिर के महंत पं. विनय तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User