कालिया नाग के फन पर श्रीकृष्ण ने नृत्य किया:कानपुर में नागनाथन लीला देखने उमड़े श्रद्धालु, झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा
कानपुर के घाटमपुर में शुक्रवार शाम श्रीकृष्ण लीला कमेटी के तत्वावधान में नागनाथन लीला का मंचन किया गया। मां कूष्मांडा देवी मंदिर परिसर स्थित सरोवर में कालिंदी का दृश्य सजाया गया। यहां भगवान श्रीकृष्ण ने कालिया नाग का मान मर्दन कर लोगों को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई। लीला के दौरान श्रद्धालु जयकारे लगाते रहे। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण और बलराम की शोभायात्रा निकाली गई। इसमें करीब दो दर्जन झांकियां शामिल रहीं। शोभायात्रा देखने के लिए हजारों श्रद्धालु जुटे। 3 तस्वीरें देखिए… कालिया नाग के फन पर श्रीकृष्ण ने किया नृत्य नागनाथन लीला के लिए मां कूष्मांडा देवी मंदिर परिसर स्थित सरोवर में विशेष व्यवस्था की गई थी। ड्रमों को जोड़कर बनाई गई नाव पर भगवान श्रीकृष्ण और भैया बलराम सवार होकर सरोवर के बीच पहुंचे। वहां पेड़ों की डालियों के सहारे कालिया नाग का स्वरूप तैयार किया गया था। लीला के दौरान भगवान श्रीकृष्ण ने कालिया नाग का मान मर्दन किया और उसके फन पर सवार होकर नृत्य किया। इस दृश्य को देखकर श्रद्धालु रोमांचित हो उठे। सरोवर के चारों ओर मौजूद लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। दो दर्जन झांकियों ने मोहा मन नागलीला के बाद मंदिर परिसर से भगवान श्रीकृष्ण और बलराम की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा कानपुर रोड, मुख्य चौराहा, मूसानगर रोड और नगर पालिका रोड होते हुए देर रात सदर बाजार पहुंची। शोभायात्रा में ट्रैक्टरों पर सजी करीब दो दर्जन झांकियां शामिल रहीं। इनमें देवी-देवताओं का स्वरूप धारण किए बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। रास्ते में जगह-जगह बने मंचों पर बच्चों के अभिनय को देखकर लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। एसीपी और एसडीएम रहे मौजूद कार्यक्रम के दौरान घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत और एसडीएम अविचल प्रताप सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों के मुताबिक, मंदिर परिसर से लेकर शोभायात्रा के पूरे मार्ग तक पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। कार्यक्रम में गोविंद गुप्ता, लखनलाल शिवहरे, रामचंद्र गुप्ता, पंकज पांडेय, सत्यम सिंह चौहान और गुड्डू पंडित समेत कई लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)