कांग्रेस का कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन, सीईसी के इस्तीफे की मांग:मिर्जापुर में कलेक्ट्रेट में पुतला फूंका, राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन
मिर्जापुर में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सोमवार की दोपहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और सीईसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कपड़ा जलाकर सीईसी का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया और अपने आक्रोश का इजहार किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर केंद्र सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और इससे चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता प्रभावित हो रही है। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने सीईसी को फांसी देने की मांग को लेकर भी नारे लगाए। प्रदर्शन के बाद पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिव कुमार पटेल और नगर अध्यक्ष राजन पाठक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से तत्काल इस्तीफा लिए जाने की मांग की गई। पारदर्शिता लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिव कुमार पटेल ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी है। पार्टी चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार अपनी आवाज उठाती रहेगी। वहीं, पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)