'कड़ा प्रसाद से होता था नाश्ता,फीस के नहीं थे पैसे':लखनऊ में पद्मश्री वैज्ञानिक बोले- अब 15 मिनट में घर पर होगा डेंगू टेस्ट
आर्थिक तंगी के चलते कई बार फीस और खाने तक के पैसे नहीं होते थे। सुबह नाका हिंडोला के गुरुद्वारे में जपजी साहिब का पाठ करते और कड़ा प्रसाद से नाश्ता होता था। दोपहर का खाना लंगर में मिलता था। ये कहना है पद्मश्री डॉ. नवीन खन्ना का। उन्होंने डेंगू की शुरुआती पहचान के लिए स्वदेशी डे-1 टेस्ट किट तैयार की। अब घर पर जांच करने वाली सेल्फ टेस्ट किट भी विकसित की है। CSIR-NBRI के 73वें वार्षिक दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ. खन्ना ने दैनिक भास्कर से बातचीत में अपने संघर्ष और वैज्ञानिक सफर के अनुभव साझा किए। पढ़िए डॉ. नवीन खन्ना से पूरी बातचीत… सवाल: आपकी पढ़ाई और संघर्ष के शुरुआती दिन कैसे रहे? जवाब: परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। कई बार फीस देने तक के पैसे नहीं होते थे। ऐसे में नाका हिंडोला के गुरुद्वारे ने बहुत मदद की। सुबह उठकर वहां जपजी साहिब का पाठ करता था। कड़ा प्रसाद ही मेरा नाश्ता होता था। दोपहर में लंगर में खाना खाता था और कई बार शाम के लिए दो रोटियां भी मिल जाती थीं। मेरे जीवन में सिख धर्म और गुरुद्वारे का बहुत बड़ा योगदान रहा है। सवाल: लखनऊ यूनिवर्सिटी ने आपके करियर को किस तरह दिशा दी? जवाब: मैंने 1975 से 1977 तक लखनऊ यूनिवर्सिटी के बायोकेमिस्ट्री विभाग में पढ़ाई की। वहां के शिक्षकों ने हमें बहुत अच्छी तरह तैयार किया। मुझे वहां जैसी शिक्षा मिली, वैसी कहीं और नहीं मिली। यूनिवर्सिटी के 100 साल पूरे होने पर मैंने एक व्याख्यान दिया था। उसका शीर्षक था- 'लखनऊ यूनिवर्सिटी मेड माय लाइफ'। सच कहूं तो यहां की पढ़ाई ने ही मेरा जीवन बनाया। सवाल: स्वदेशी डेंगू डे-1 टेस्ट किट बनाने का विचार कैसे आया? जवाब: इसका श्रेय पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को देना चाहते हैं। उस समय मैं ICGEB में काम करता था। वहां डॉ. कलाम का एक पत्र आया था। इसमें बताया गया था कि बारिश के मौसम में पूर्वी और पश्चिमी सीमाओं पर तैनात सेना के जवान बुखार से पीड़ित होते हैं। इसकी वजह डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, लेप्टोस्पायरोसिस, स्क्रब टाइफस या टाइफाइड हो सकती है। डेंगू में सबसे बड़ी चुनौती शुरुआती दिनों में बीमारी की पहचान करना है। डॉ. कलाम के सुझाव पर हमने इस दिशा में काम शुरू किया। किट तैयार करने में करीब 3 से 4 साल लगे। सवाल: किट बाजार में आने के बाद किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा? जवाब: हमने अच्छी गुणवत्ता वाली किट कम कीमत पर तैयार की थी, लेकिन शुरुआत में लोग इसे खरीदने से हिचकते थे। उस समय अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कोरिया की कंपनियों की महंगी किट का बाजार में दबदबा था। बाद में विदेशी कंपनियों की सप्लाई चेन प्रभावित हुई। उनका एक साल का स्टॉक महज 10 दिन में खत्म हो गया। इसके बाद हमारी किट की मांग तेजी से बढ़ी। यह करीब 10 साल से बाजार में उपलब्ध है। अब डेंगू जांच के क्षेत्र में इसकी करीब 80 प्रतिशत हिस्सेदारी है। भारत के अलावा कई दूसरे देशों में भी इसका इस्तेमाल हो रहा है। सवाल: डे-1 किट की खासियत क्या है? जवाब: इसकी सबसे बड़ी खासियत है कि यह बुखार आने के पहले ही दिन डेंगू की पहचान कर सकती है। पहले शुरुआती दिनों में जांच से बीमारी की पुष्टि नहीं हो पाती थी। ऐसे में मरीज को 4-5 दिन बाद दोबारा आने के लिए कहा जाता था। इससे यह भी पता चल सकता है कि मरीज को पहली बार डेंगू हुआ है या दूसरी बार। दूसरी बार संक्रमण होने पर गंभीर जटिलताओं का खतरा बढ़ सकता है। इससे डॉक्टर को इलाज तय करने में मदद मिलती है। सवाल: सेल्फ टेस्ट किट कैसे काम करेगी? जवाब: हमने डेंगू की सेल्फ टेस्ट किट भी तैयार की है। इसका तरीका शुगर टेस्ट जैसा है। उंगली से खून की एक बूंद लेकर डिवाइस में डालनी होगी। इसके बाद 15 मिनट इंतजार करना होगा। दो लाइनें आने पर टेस्ट पॉजिटिव और एक लाइन आने पर निगेटिव माना जाएगा। इससे घर पर ही शुरुआती जांच करने में मदद मिलेगी। सवाल: डेंगू के इलाज के लिए दवा या वैक्सीन पर भी काम हो रहा है? जवाब: अभी डेंगू की कोई प्रभावी दवा उपलब्ध नहीं है। हमारा अगला लक्ष्य इसके लिए बोटैनिकल या आयुर्वेद आधारित दवा विकसित करना है। इस दिशा में काम चल रहा है। सफलता मिलने पर इसकी जानकारी साझा करेंगे। सवाल: हेपेटाइटिस जैसे संक्रमण से निपटने के लिए भारत को क्या करना चाहिए? जवाब: हेपेटाइटिस-B की अच्छी और सस्ती वैक्सीन उपलब्ध है। भारत में इसका बड़े पैमाने पर उत्पादन भी होता है। अगर सभी लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए और सरकार के साथ आम लोग भी सहयोग करें, तो अगले 10 से 15 साल में इस बीमारी को काफी हद तक खत्म किया जा सकता है। पोलियो की तरह टीकाकरण के जरिए किसी वायरस को खत्म करना संभव है। हेपेटाइटिस-C के इलाज के लिए अच्छी दवाएं हैं, हालांकि अभी इसकी वैक्सीन नहीं है। हेपेटाइटिस-A और E आमतौर पर दूषित खाना और पानी पीने से फैलते हैं। सवाल: वैज्ञानिक शोध को आम लोगों के लिए उपयोगी बनाना कितना जरूरी है? जवाब: वैज्ञानिक शोध सिर्फ लैब तक सीमित नहीं रहना चाहिए। हमें यह भी देखना चाहिए कि हमारे शोध से देश और आम लोगों को क्या फायदा हो रहा है। इसे ट्रांसलेशन ऑफ रिसर्च कहते हैं। मैंने ICGEB में करीब 30 साल काम किया है। वहां मेरे कई पीएचडी छात्रों ने योगदान दिया। उनके शोध से हेपेटाइटिस-B, सीलिएक, HIV और डेंगू जैसी बीमारियों की जांच के लिए कई किट तैयार की गईं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)