केजीएमयू में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान:वॉकथॉन व नुक्कड़ नाटक के जरिए चिकित्सकों और छात्रों ने दिया बचाव संदेश

Nov 17, 2026 - 20:42
0
केजीएमयू में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान:वॉकथॉन व नुक्कड़ नाटक के जरिए चिकित्सकों और छात्रों ने दिया बचाव संदेश
लखनऊ में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) की ओर से सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए दो दिवसीय अभियान चलाया गया। स्त्री रोग कैंसर विभाग की अध्यक्ष प्रो. निशा सिंह के नेतृत्व में 16 और 17 नवंबर को आयोजित इस अभियान में एचपीवी वैक्सीनेशन, नियमित जांच और समय पर इलाज का संदेश दिया गया। अभियान के तहत प्रशासनिक भवन को टील रंग की रोशनी से सजाया गया। पैरामेडिकल छात्रों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर बीमारी के लक्षण और बचाव के तरीके बताए। वहीं, डॉक्टरों और कर्मचारियों ने प्रशासनिक भवन से गेट नंबर-1 तक वॉकथॉन निकाली। अभियान के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के वर्ष 2030 तक सर्वाइकल कैंसर को जनस्वास्थ्य की समस्या के रूप में खत्म करने के लक्ष्य की जानकारी दी गई। WHO की 90-70-90 रणनीति पर जोर विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मई 2018 में सर्वाइकल कैंसर के उन्मूलन के लिए 90-70-90 रणनीति तय की थी। इसके तहत वर्ष 2030 तक 15 साल की उम्र से पहले 90 प्रतिशत लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन की पूरी खुराक देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा 35 साल की उम्र तक 70 प्रतिशत महिलाओं की उच्च गुणवत्ता वाली जांच और 45 साल की उम्र में दोबारा स्क्रीनिंग की जानी है। वहीं, सर्वाइकल कैंसर या कैंसर से पहले की स्थिति से पहचानी गई 90 प्रतिशत महिलाओं को उचित इलाज और देखभाल उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। टील रोशनी से दिखाई एकजुटता अभियान के पहले दिन 16 नवंबर की शाम KGMU के प्रशासनिक भवन को टील रंग की रोशनी से सजाया गया। यह रंग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वाइकल कैंसर जागरूकता का प्रतीक है। इस पहल के जरिए कैंसर से जूझ रही महिलाओं के प्रति एकजुटता का संदेश दिया गया। साथ ही बीमारी की रोकथाम के लिए जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। नुक्कड़ नाटक से बताए बचाव के तरीके 17 नवंबर को पैरामेडिकल छात्रों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से सर्वाइकल कैंसर के सामान्य चेतावनी संकेतों, एचपीवी वैक्सीनेशन और नियमित स्क्रीनिंग की जरूरत बताई गई। छात्रों ने बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान और समय पर इलाज के फायदे भी समझाए। वॉकथॉन में डॉक्टरों और कर्मचारियों ने लिया हिस्सा इसी दिन प्रशासनिक भवन से गेट नंबर-1 तक जागरूकता वॉकथॉन निकाली गई। इसमें फैकल्टी सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर और KGMU के कर्मचारी शामिल हुए। वॉकथॉन के जरिए 'टुगेदर वी कैन एलिमिनेट सर्वाइकल कैंसर' का संदेश दिया गया। विभाग की ओर से बताया गया कि सर्वाइकल कैंसर काफी हद तक रोका जा सकता है। एचपीवी वैक्सीन, प्रभावी स्क्रीनिंग और समय पर इलाज से महिलाओं की जान बचाई जा सकती है। किसी महिला की मौत ऐसी बीमारी से नहीं होनी चाहिए, जिससे बचाव संभव है। कार्यक्रम को KGMU की कुलपति, डीन पैरामेडिकल साइंसेज डॉ. केके सिंह और प्रॉक्टर डॉ. आरएएस कुशवाहा का सहयोग मिला।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User