पीवीवीएनएल एमडी बोले- शिकायत जहां मिले, वहीं हो निस्तारण:संभव कार्यक्रम में एमडी ने सुनीं समस्याएं, नए कनेक्शन, पोल और पीडी के मामले पहुंचे
पश्चिमाचल विद्युत वितरण निगम (पीवीवीएनएल) के ऊर्जा भवन मुख्यालय में मंगलवार को संभव कार्यक्रम के तहत जनसुनवाई आयोजित की गई। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में मेरठ के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा बुलंदशहर और लोनी से पहुंचे उपभोक्ताओं ने बिजली संबंधी समस्याएं रखीं। एमडी ने एक-एक शिकायत सुनते हुए अधिकारियों को तत्काल और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। एमडी रवीश गुप्ता ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि संभव कार्यक्रम का मूल उद्देश्य शिकायत मिलने के स्थान पर ही उसका समाधान सुनिश्चित करना है। उपभोक्ताओं को अपनी समस्या के निस्तारण के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए प्रत्येक स्तर पर संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाएं और शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें। जनसुनवाई में निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) आशु कालिया, निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन, निदेशक (तकनीकी) एनके मिश्र और निदेशक (वित्त) स्वतंत्र कुमार तोमर सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पीडी और पीटीडब्ल्यू के मामले भी पहुंचे
जनसुनवाई में मेरठ निवासी निवेश वर्मा ने पीडी (परमानेंट डिस्कनेक्शन) से संबंधित शिकायत रखी। वहीं, मुकेश ने पीटीडब्ल्यू से जुड़ा मामला अधिकारियों के सामने उठाया। एमडी ने दोनों प्रकरणों की जांच कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उपभोक्ताओं ने नए बिजली कनेक्शन, बिजली के पोल और अन्य विद्युत सेवाओं से जुड़ी समस्याएं भी रखीं। लापरवाही पर जवाबदेही तय करने के निर्देश
रवीश गुप्ता ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य उपभोक्ताओं को विभाग के उच्च अधिकारियों तक सीधे अपनी बात पहुंचाने का अवसर देना है। संभव कार्यक्रम केवल शिकायतें सुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना भी इसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का पारदर्शिता के साथ गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उपभोक्ताओं को राहत देने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)