कोहरे में हादसे रोकने के लिए ब्लैक स्पॉटपर निगरानी बढ़ेगी:शामली एसपी ने पेट्रोलिंग, चेकिंग और हाईवे किनारे खड़े भारी वाहन हटाने के निर्देश दिए
शामली में सर्दी के मौसम में कोहरे के कारण सड़क हादसों की आशंका बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए शामली पुलिस ने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बुधवार को यातायात माह के तहत यातायात पुलिस और सभी थानों की सीसी टीमों के साथ गोष्ठी की। इसमें दुर्घटना संभावित मार्गों और ब्लैक स्पॉट पर निगरानी बढ़ाने, हाईवे किनारे खड़े भारी वाहनों को हटवाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि आगामी दिनों में कोहरे और कम दृश्यता के चलते सड़क हादसों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में दुर्घटना संभावित मार्गों और क्रिटिकल कॉरिडोर पर विशेष निगरानी रखी जाए। इन स्थानों पर नियमित पेट्रोलिंग और प्रभावी चेकिंग की जाए। जरूरत पड़ने पर पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए, ताकि हादसों को रोका जा सके। हाईवे किनारे खड़े वाहनों पर रहेगी नजर राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों सहित प्रमुख मार्गों पर अनावश्यक रूप से खड़े ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य भारी वाहनों को हटवाने के निर्देश दिए गए। सड़क किनारे खड़े वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाने और उन्हें निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर खड़ा कराने को कहा गया। इसके अलावा ट्रैक्टर-ट्रॉली और भारी वाहनों में रिफ्लेक्टर तथा फॉग लाइट की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए चालकों को जागरूक किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई एसपी ने थानों की सीसी टीमों को अपने क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों, तिराहों और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, नशे में ड्राइविंग, प्रेशर हॉर्न और अवैध नंबर प्लेट के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा। हादसे की सूचना पर तत्काल पहुंचेगी पुलिस सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर संबंधित पुलिस टीम को तत्काल मौके पर पहुंचने और घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाने के साथ एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने में मदद करने के निर्देश दिए गए। स्कूल-कॉलेज, पेट्रोल पंप, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख चौराहों पर यातायात जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)