शिक्षकों ने 12 मांगों को लेकर प्रदर्शन किया:पुरानी पेंशन बहाली और पदोन्नति की मांग, बीएसए दफ्तर से कलक्ट्रेट तक निकाला जुलूस

Nov 18, 2026 - 17:40
0
शिक्षकों ने 12 मांगों को लेकर प्रदर्शन किया:पुरानी पेंशन बहाली और पदोन्नति की मांग, बीएसए दफ्तर से कलक्ट्रेट तक निकाला जुलूस
हमीरपुर में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता खत्म करने और पदोन्नति समेत 12 मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। संघ ने मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र जिलाधिकारी दफ्तर में सौंपा। बुधवार शाम 4 बजे शिक्षकों ने बीएसए दफ्तर परिसर में धरना दिया। इसके बाद वे जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी की। संघ ने नई पेंशन व्यवस्था खत्म करने के साथ शिक्षकों के तबादले और छुट्टियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों और उनके आश्रितों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा स्वागतयोग्य है, लेकिन शिक्षकों की कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। संघ की प्रमुख मांगों में एक अप्रैल 2005 या उसके बाद नियुक्त शिक्षकों के लिए नई पेंशन व्यवस्था खत्म कर पुरानी पेंशन बहाल करना शामिल है। एक अप्रैल 2005 से पहले चयनित, लेकिन बाद में नियुक्त शिक्षकों को भी पुरानी पेंशन का लाभ देने की मांग की गई। ज्ञापन में सुप्रीम कोर्ट के 1 सितंबर 2025 के आदेश के बाद शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता के पूर्वव्यापी असर को खत्म करने के लिए कानून बनाने की मांग की गई। शिक्षकों के शैक्षिक और प्रशिक्षण प्रमाणपत्रों की जांच के लिए विशेष टास्क फोर्स बनाने के फैसले पर फिर से विचार करने और संबंधित शासनादेश पर रोक लगाने की मांग भी की गई। संघ ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में प्रधानाध्यापक के पदों पर पदोन्नति, गैर-टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों को पदोन्नति का मौका देने और इसके लिए टीईटी की अनिवार्यता में छूट की मांग की। वर्ष 2020 में नियुक्त शिक्षकों के ब्रिज कोर्स की परीक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक की शर्त खत्म करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह चंदेल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद कुमार, कोषाध्यक्ष गौरव नामदेव, संयुक्त महामंत्री राजेश कुमार और जिला महामंत्री पुष्पेंद्र त्रिपाठी मौजूद रहे। सुधा गुप्ता, पुष्पा गुप्ता, आशीष खरे, तरंग खरे, मयूरी सचान, कुसुम लता, प्रगति, हुमायूं हुसैन जी और रहमान जीएस द्विवेदी भी मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User