कपिल की हत्या में चार लोगों पर आरोप:परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे, मुकदमे में सभी को नामजद करने की मांग
बागपत। बागपत में युवक कपिल की हत्या के मामले में चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए परिजन कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। मृतक के पिता महेशपाल ने एसपी को शिकायती पत्र देकर मामले में नामजद सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मुकदमे में केवल एक आरोपी को नामजद किया है, जबकि वारदात में चार लोग शामिल थे। महेशपाल के अनुसार, वह सरूरपुर कलां गांव की पट्टी जीतवान के रहने वाले हैं। उनका करीब 25 वर्षीय बेटा कपिल 14 नवंबर 2026 को घर से तालाब की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह संजीव के प्लॉट पर पहुंचा, जहां छोटू उर्फ जोगेंद्र पुत्र पीतम के साथ उसकी कहासुनी हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर पिता भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि जब उन्होंने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो छोटू उर्फ जोगेंद्र, प्रीतम पुत्र धूली, अनुज और जोगेंद्र के भांजे ने कथित रूप से एक साजिश के तहत कपिल पर चाकू से दो से तीन वार कर दिए। परिजन घायल कपिल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पिता का आरोप है कि उन्होंने थाने पहुंचकर घटना की शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने अपने स्तर से तहरीर लिखते हुए मुकदमे में केवल एक आरोपी को नामजद किया, जबकि उनके अनुसार हत्या में चार लोग शामिल थे। इसी मामले में 19 नवंबर को मृतक के पिता महेशपाल ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपा। पत्र में मुकदमा संख्या 792/2026 का हवाला देते हुए चारों आरोपियों को नामजद करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। अब पीड़ित परिवार ने पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। एसपी ऑफिस के अधिकारियों ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)