लोन का झांसा देकर ठगी, गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार:2 महिलाएं शामिल, 22 मोबाइल-3 लैपटॉप और फर्जी लोन पंपलेट बरामद
बागपत में साइबर क्राइम पुलिस ने सस्ते लोन और कम ब्याज पर कर्ज दिलाने का लालच देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो कार, 22 मोबाइल फोन, 36 सिम कार्ड, तीन लैपटॉप और 15 हजार फर्जी लोन पंपलेट समेत अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त को साइबर क्राइम थाने में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसे सस्ते लोन का ऑफर देकर ठगी की गई है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के बाद छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गाजियाबाद, मेरठ और बागपत के आरोपी शामिल गिरफ्तार आरोपियों में लोकेश उर्फ गुड्डू निवासी गाजियाबाद, रवि पुत्र सुरेंद्र निवासी गांव बरवाला, जिला बागपत, अजीत पुत्र महेंद्र निवासी मेरठ और अजीत पुत्र अंग्रेज निवासी मौजीजाबाद नांगल, जिला बागपत शामिल हैं। इनके अलावा दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक वैगनआर और एक अर्टिगा कार, 22 मोबाइल फोन, 36 सिम कार्ड, तीन लैपटॉप, सात बैंक पासबुक, 10 एटीएम कार्ड, चेकबुक, पैन कार्ड, दो आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस और आठ स्टांप-मोहर बरामद की हैं। इसके अलावा 15 हजार फर्जी लोन पंपलेट और 20,200 रुपये नकद भी मिले हैं। पोर्टल पर दर्ज थीं सात शिकायतें पुलिस के मुताबिक, आरोपी ठगी से मिले पैसों से लग्जरी जीवन जीते थे। इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पोर्टल पर आरोपियों के खिलाफ करीब सात शिकायतें दर्ज थीं। इनमें छह मुजफ्फरनगर और एक बागपत की थी। बागपत में पहली शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच करते हुए गिरोह का पता लगाया। सीओ रोहन चौरसिया ने बताया कि छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस शिकायत करने वाले अन्य लोगों से भी संपर्क कर रही है। शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे मीडिया सेल के माध्यम से मामले की जानकारी दी गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)