ATS ने शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े 3 को दबोचा:सेना या पुलिसकर्मी की हत्या का टारगेट, पाकिस्तान भेजना था वीडियो

Oct 30, 2026 - 19:00
0
ATS ने शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े 3 को दबोचा:सेना या पुलिसकर्मी की हत्या का टारगेट, पाकिस्तान भेजना था वीडियो
उत्तर प्रदेश एटीएस ने प्रतिबंधित संगठन 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। आरोप है कि पाकिस्तानी हैंडलर 'राणा भाई' के निर्देश पर पंजाब के कुछ युवक सेना या लखनऊ पुलिस के किसी जवान की टारगेट किलिंग की साजिश रच रहे थे। 30 अक्टूबर को एटीएस ने लखनऊ से गगनदीप सिंह, रजत कुमार और कृष्ण को गिरफ्तार किया। तीनों पंजाब के रहने वाले हैं। इनके पास से विदेशी पिस्तौल और 20 विदेशी गोलियां बरामद हुई हैं। एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के मुताबिक, एटीएस को सूचना मिली थी कि पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में कुछ युवक हैं, जिन्हें लखनऊ में किसी पुलिसकर्मी या सेना के जवान की हत्या करने का टारगेट दिया गया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए राणा भाई के संपर्क में थे। उन्हें हत्या का वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजने का काम सौंपा गया था। जांच में सामने आया कि आरोपियों को लखनऊ आने के लिए आर्थिक मदद दी गई थी। वारदात को अंजाम देने के बदले 3 लाख रुपए देने का वादा किया गया था। हत्या के बाद पुलिस से बचने के लिए उन्होंने लखनऊ से भागने की योजना भी बनाई थी। एटीएस के मुताबिक, आरोपियों को लखनऊ में ही नेटवर्क से जुड़े एक व्यक्ति ने हथियार और गोलियां उपलब्ध कराई थीं। पूछताछ में इन हथियारों के पाकिस्तान से भेजे जाने की जानकारी भी मिली है। एटीएस को आरोपियों के मोबाइल फोन से संदिग्ध चैट, वीडियो और महत्वपूर्ण संस्थानों की रेकी से जुड़े सबूत मिले हैं। आरोप है कि संस्थानों की लोकेशन पाकिस्तानी हैंडलरों को भेजी गई थी। गिरफ्तार गगनदीप सिंह के खिलाफ पंजाब में पहले से आर्म्स एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। एटीएस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों के मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए आरोपियों की कस्टडी मांगी जाएगी। उनसे विस्तार से पूछताछ कर हथियारों की सप्लाई और पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User