गोंडा में प्रधान ने जेई को फोन पर दी गालियां:20 हजार रुपए बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटने पहुंचा था लाइनमैन
गोंडा जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर कटरा बाजार थाना क्षेत्र में ग्राम प्रधान पर बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) को फोन पर गाली देने का आरोप लगा है। ग्राम पंचायत कोटिया मदारा के प्रधान मोहम्मद आरिफ की लाइनमैन राहुल तिवारी के फोन पर जेई अर्जुन कुमार पाल से हुई बातचीत का ऑडियो सामने आया है। प्रधान जेई को अपशब्द कहते सुनाई दे रहे हैं। पीड़ित जेई की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अवर अभियंता अर्जुन कुमार पाल दुबहा बाजार विद्युत उपकेंद्र पर तैनात हैं। आरोप है कि 28 अक्टूबर को दोपहर 2:16 बजे लाइनमैन राहुल तिवारी ग्राम प्रधान मोहम्मद आरिफ के गोले इंडस्ट्रीज नाम से संचालित आरओ प्लांट का बिजली कनेक्शन काटने पहुंचे थे। विभाग के मुताबिक, प्लांट पर करीब 20 हजार रुपए बिजली बिल बकाया था। लाइनमैन कनेक्शन काटकर लौट रहे थे। इसी दौरान प्रधान ने राहुल तिवारी के फोन पर कॉल की। बातचीत के दौरान प्रधान ने जेई अर्जुन कुमार पाल के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। बाद में जेई ने लाइनमैन का फोन लेकर प्रधान से बात की। दोनों के बीच बकाया बिल और कनेक्शन काटने को लेकर बहस हुई। जेई की तहरीर पर मुकदमा, पुलिस ने शुरू की जांच ऑडियो रिकॉर्डिंग शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे सामने आई। इसके बाद जेई अर्जुन कुमार पाल ने कटरा बाजार थाने में तहरीर देकर ग्राम प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जेई ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। प्रधान बोले- आवेश में निकल गए अपशब्द वहीं, ग्राम प्रधान मोहम्मद आरिफ ने कहा कि आवेश में आकर उनके मुंह से अपशब्द निकल गए थे। उनका आरोप है कि बिजली विभाग के कर्मचारी स्थानीय राजनीति से प्रभावित होकर उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनका बिल जमा है और विभाग के कर्मचारी विरोधियों के साथ मिलकर उन्हें परेशान कर रहे हैं। प्रधान ने कहा कि वह इस मामले की शिकायत बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से करेंगे। बातचीत में बिल जमा होने को लेकर हुई बहस ऑडियो में लाइनमैन राहुल तिवारी प्रधान से प्लांट पर पहुंचने और बकाया बिल जमा कराने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। प्रधान जवाब में एक्सईएन से बात होने का हवाला देते हैं और जेई अर्जुन पाल को लेकर अपशब्द कहते हैं। इसके बाद जेई फोन पर बात करते हुए कहते हैं कि बिल जमा होने की रसीद दिखा दी जाए। वह यह भी कहते हैं कि एक्सईएन के निर्देश पर कनेक्शन काटा जा रहा है और बिल जमा होने पर कनेक्शन जुड़वा दिया जाएगा। इस पर प्रधान जेई पर स्थानीय राजनीति से प्रेरित होकर कार्रवाई करने का आरोप लगाते हैं। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)