मैनपुरी में बारिश से मकान-फसल को नुकसान:सांसद डिंपल यादव ने डीएम को पत्र लिखकर तत्काल सर्वे और राहत मांगी

Sep 28, 2026 - 19:37
0
मैनपुरी में बारिश से मकान-फसल को नुकसान:सांसद डिंपल यादव ने डीएम को पत्र लिखकर तत्काल सर्वे और राहत मांगी
मैनपुरी में हाल की तेज बारिश और हवाओं से ग्रामीण व शहरी इलाकों में काफी नुकसान हुआ है। मकान-दीवारें गिरने से लोग घायल हुए, फसलें जलमग्न हो गईं। सांसद डिंपल यादव ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर तुरंत सर्वे और राहत की मांग की है। बारिश के दौरान मैनपुरी सदर के टिंडौली गांव के सीतापुर में दीवार गिरने से शैलेंद्र कुमार और सुधीर कुमार की मौत हो गई। लालपुर सगौनी में महीपाल सिंह और बेवर के नगला देवी में हरवीर घायल हुए। कई जगह कच्चे मकान भी क्षतिग्रस्त हुए। सुल्तानगंज क्षेत्र में नहर की पटरी टूटने से 500 बीघा से ज्यादा खेतों में पानी भर गया, जिससे धान की फसल खराब हुई। किशनी और बेवर-नवीगंज क्षेत्रों में भी जलभराव से फसलों को नुकसान पहुंचा है। शहरी क्षेत्र भी बारिश के नुकसान से अछूते नहीं रहे। मैनपुरी के मोहल्ला मिधिया में मकान की छत गिरने से घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हुआ। नई तहसील क्षेत्र में दीवार गिरने से दुकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान को नुकसान पहुंचा। ग्राम अधार में भी मकान क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। कई इलाकों में विद्युत पोल और लाइनें क्षतिग्रस्त होने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई, जबकि ग्रामीण रास्तों, नालियों और जलनिकासी व्यवस्था पर भी बारिश का असर पड़ा। सांसद डिंपल यादव ने मांग की, कि प्रभावित गांवों और शहरी इलाकों में प्रशासनिक टीम भेजकर मौके पर नुकसान का वास्तविक आकलन कराया जाए। जनहानि, मकान, फसल और अन्य संपत्तियों के नुकसान की जांच के बाद पात्र लोगों को नियमानुसार राहत और सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि बारिश से प्रभावित परिवारों और किसानों को समय से मदद मिल सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User