'मेरे सपनों का भारत' प्रतियोगिता:राजकीय महाविद्यालय में प्रदर्शनी; छात्र-छात्राओं ने मॉडल व चित्रों से दिखाए नवाचार के रंग
स्वार के राजकीय महाविद्यालय में 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत "मेरे सपनों का भारत" विषय पर एक शानदार मॉडल एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मक सोच, समस्या समाधान की क्षमता और दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजने की भावना को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों से संबंधित समस्याओं को चिन्हित करते हुए उनके संभावित समाधानों को अपने आकर्षक मॉडलों और चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपने मॉडल की कार्यप्रणाली, उसकी उपयोगिता और सामाजिक महत्व के बारे में निर्णायक मंडल व उपस्थित लोगों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आर. एस. गिरि ने विद्यार्थियों के नवाचार एवं रचनात्मक चिंतन की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उन्हें आगे भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए डॉ. चितरंजन सिंह, डॉ. पवन कुमार, डॉ. बाल मुकुंद वर्मा, डॉ. मनीषा रानी और डॉ. कपिल देव को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया था। नवीनता, रचनात्मकता और समस्या के व्यावहारिक समाधान के आधार पर किए गए मूल्यांकन में बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर की महक नाज़ (पुत्री शहादत हुसैन) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, बी.ए. तृतीय सेमेस्टर के अभिमन्यु गुरु (पुत्र पुष्पेंद्र कुमार) ने द्वितीय और बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर की उजीफा (पुत्री शहादत हुसैन) ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर महाविद्यालय परिवार की ओर से उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यालय अधीक्षक राजेश कुमार शर्मा, वीरेन्द्र सिंह सहित अन्य कर्मचारी एवं क्षेत्रीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)