मेरठ में डग्गेमार वाहनों पर रोक लगाने की मांग:रोडवेज कर्मचारियों ने राजस्व नुकसान का हवाला देते हुए किया प्रदर्शन
मेरठ में रोडवेज बस अड्डों और शहर के प्रमुख पिकिंग पॉइंटों से संचालित हो रहे अवैध डग्गेमार वाहनों पर रोक लगाने की मांग को लेकर मंगलवार को परिवहन निगम के कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। यूपी रोडवेज एम्पलायेज यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष के निर्देश पर मेरठ क्षेत्र के मेरठ डिपो, सोहराब गेट डिपो, भैंसाली डिपो और गढ़मुक्तेश्वर डिपो में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) को ज्ञापन दिए गए। यूनियान के कर्मचारियों का कहना है कि राष्ट्रीयकृत मार्गों पर निजी बसों, मिनी बसों, टैक्सी और अन्य डग्गेमार वाहनों का अवैध संचालन परिवहन निगम के लिए नुकसान का कारण बन रहा है। इससे निगम की आय प्रभावित हो रही है और आर्थिक स्थिति पर भी असर पड़ रहा है। कर्मचारियों ने मांग की कि बस अड्डों के आसपास और शहर के प्रमुख पिकिंग पॉइंटों से अवैध रूप से संचालित वाहनों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में शासन के विभिन्न आदेशों का हवाला देते हुए कहा गया कि निजी बसों, मिनी बसों, टैक्सी और टेंपो के स्टैंड परिवहन निगम के बस अड्डों से कम से कम एक किलोमीटर की दूरी पर स्थापित किए जाने के निर्देश हैं। इसके बावजूद राष्ट्रीयकृत मार्गों पर निजी वाहन स्टेज कैरिज के रूप में संचालित हो रहे हैं। इससे परिवहन निगम को राजस्व का नुकसान हो रहा है। इसके साथ ही पदााकारियों ने मांग की कि शासन के निर्देशों का पालन कराया जाए और अवैध रूप से संचालित डग्गेमार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, निजी वाहनों के अवैध संचालन पर रोक लगाकर परिवहन निगम के राजस्व को होने वाले नुकसान को रोका जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)