जनगणना के लिए 16 से 20 नवंबर तक होगी स्व-गणना:सोनभद्र डीएम ने ऑनलाइन पोर्टल पर लोगों से भाग लेने की अपील की
सोनभद्र मे जनगणना-2027 के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए मंगलवार की दोपहर मे कलेक्ट्रेट परिसर से जनजागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली बढौली चौराहे तक गई। इस दौरान लोगों को जनगणना के महत्व और इसमें सहभागिता के प्रति जागरूक किया गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि सोनभद्र में जनगणना के प्रथम चरण के तहत ही 16 से 20 नवंबर तक स्व-गणना का कार्यक्रम चलेगा। इस दौरान जनपदवासी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं से संबंधित 40 सवालों के जवाब भर सकेंगे। उन्होंने लोगों से स्व-गणना में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की, ताकि जनगणना का कार्य सुचारु रूप से पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति का आकलन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर भविष्य की नीतियां बनाने, विकास योजनाओं को तैयार करने और संसाधनों का बेहतर नियोजन करने में मदद मिलती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि जनगणना के दौरान सही और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराए। एक दिसंबर से शुरू होगी जनसंख्या गणना जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जनसंख्या गणना का कार्य एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक निर्धारित है। इसके बाद पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाकर लोग इस राष्ट्रीय कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं। डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में ऑनलाइन फॉर्म भरें और गणना के दौरान प्रगणकों को भी सही जानकारी देकर सहयोग करें। जनगणना की सफलता के लिए सटीक आंकड़े और जनसहभागिता जरूरी है। इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)