कासगंज में 4,362 अपराधियों की डिजिटल कुंडली तैयार:885 हिस्ट्रीशीटरों का रिकॉर्ड भी दर्ज; वॉयस सैंपल से जुड़ी जानकारी एप पर उपलब्ध
कासगंज में अपराधियों की निगरानी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने यक्ष एप के माध्यम से उनकी डिजिटल कुंडली तैयार की है। एप पर जिले के 4,362 अपराधियों का रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। इसमें 885 हिस्ट्रीशीटर भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, अपराधियों के बायोडाटा, आपराधिक गतिविधियों और वॉयस सैंपल से संबंधित जानकारी सहित कई महत्वपूर्ण विवरण एप पर उपलब्ध हैं। इससे अपराधियों की निगरानी के साथ घटनाओं की जांच और खुलासे में मदद मिलने की उम्मीद है। 4,362 अपराधियों का रिकॉर्ड दर्ज एसपी ओपी सिंह ने मंगलवार शाम 4 बजे इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर प्रदेश में यक्ष एप का संचालन किया जा रहा है। एप में हिस्ट्रीशीटरों, सक्रिय अपराधियों और विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों का रिकॉर्ड एक ही स्थान पर उपलब्ध है। इसकी मॉनिटरिंग उच्चाधिकारियों द्वारा की जाती है। डिजिटल रिकॉर्ड में अपराधियों की पहचान, उनकी गतिविधियों और अन्य जरूरी जानकारियों को सुरक्षित रखा गया है। साथ ही, उनकी निगरानी के लिए पुलिसकर्मियों की जवाबदेही भी तय की गई है, ताकि समय-समय पर उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा सके। महीने में एक-दो बार होता है सत्यापन एसपी के मुताबिक, अपराधियों का समय-समय पर सत्यापन कराया जाता है। जरूरत के अनुसार महीने में एक या दो बार उनकी गतिविधियों की जांच की जाती है। यदि कोई अपराधी दूसरे जनपद में जाकर आपराधिक गतिविधि में शामिल पाया जाता है, तो संबंधित जिले की पुलिस को सूचना दी जाती है। एप में वॉयस सैंपल से संबंधित जानकारी और अलर्ट की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे जरूरत पड़ने पर पुलिस को जांच में सहायता मिल सकती है। अपराधों के खुलासे में मिल रही मदद एसपी ओपी सिंह ने बताया कि यक्ष एप अपराधियों की निगरानी और अपराध नियंत्रण में उपयोगी साबित हो रहा है। उनके अनुसार, इसके माध्यम से कई घटनाओं के खुलासे में भी मदद मिली है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल रिकॉर्ड, नियमित सत्यापन और निगरानी के जरिए अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के प्रयास जारी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)