मेट्रीमोनियल साइट पर दोस्ती, शादी का झांसा और फिर दुष्कर्म:नशीला पदार्थ खिलाकर वीडियो बनाने का आरोप, गर्भवती हुई तो कराया गर्भपात, पार्षद भी इनवॉल्व

Sep 28, 2026 - 18:14
0
मेट्रीमोनियल साइट पर दोस्ती, शादी का झांसा और फिर दुष्कर्म:नशीला पदार्थ खिलाकर वीडियो बनाने का आरोप, गर्भवती हुई तो कराया गर्भपात, पार्षद भी इनवॉल्व
मेरठ में दिल्ली की युवती से मेट्रीमोनियल साइट के जरिये दोस्ती करने, शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने और वीडियो वायरल करने की धमकी दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। युवती का दावा है कि आरोपी ने पहली बार दो मई को बेगमपुल स्थित होटल में खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश किया और इसी दौरान दुष्कर्म कर वीडियो बना ली। विरोध करने पर शादी का भरोसा दिया और कहा कि उसने यह सब इसलिए किया है, ताकि वह किसी और से शादी न कर ले। पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे कई बार मेरठ बुलाया। मेडिकल थाना क्षेत्र के मंगल पांडे नगर स्थित होटल में भी उसके साथ जबरन संबंध बनाए गए। युवती का आरोप है कि वह गर्भवती हो गई तो राहुल ने अपने बहनोई और बहन से मिलवाया। समाज में बदनामी की बात कहकर गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया। राहुल उसे तीन दिन तक अपनी बहन के घर पर रखे रहा और वहां उसका गर्भपात कराया गया। माता-पिता से मिलवाने के बहाने मेरठ लाया पीड़िता के अनुसार, मेट्रीमोनियल साइट पर राहुल से उसकी मुलाकात हुई थी। फोन पर बातचीत के बाद राहुल ने शादी का प्रस्ताव रखा। छह अप्रैल को वह उसे अपने माता-पिता से मिलवाने के बहाने मेरठ लेकर आया। पीवीएस मॉल में उसने युवती की अपनी बहन और अन्य परिजनों से मुलाकात कराई और बाद में उसे दिल्ली भेज दिया। इसके बाद 16 अप्रैल को दोस्तों से मिलवाने की बात कहकर युवती को दोबारा मेरठ बुलाया गया। मुलाकात के बाद उसे वापस भेज दिया गया। युवती का आरोप है कि दो मई को राहुल ने शॉपिंग कराने की बात कहकर उसे फिर मेरठ बुलाया और बेगमपुल के होटल में ले गया। खाने में नशीला पदार्थ देने और वीडियो बनाने का आरोप युवती का आरोप है कि होटल में राहुल ने खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बना ली। होश आने पर विरोध किया तो राहुल ने शादी करने का भरोसा दिया। युवती का कहना है कि उस समय उसने राहुल पर विश्वास कर लिया और वह वापस दिल्ली चली गई। 19 मई को राहुल ने दोबारा फोन कर उसे मेरठ आने के लिए कहा। युवती ने मना किया तो आरोप है कि राहुल ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद वह दबाव में मेरठ आई। युवती के मुताबिक, राहुल उसे मेडिकल थाना क्षेत्र के मंगल पांडे नगर स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ जबरन संबंध बनाए। गर्भवती होने पर कराया गर्भपात पीड़िता के अनुसार, इसके बाद वह गर्भवती हो गई। राहुल ने उसे अपने बहनोई और बहन से मिलवाया। आरोप है कि दोनों ने समाज में बदनामी और परिवार की इज्जत का हवाला देकर गर्भपात कराने की सलाह दी। युवती का कहना है कि राहुल उसे तीन दिन तक अपनी बहन के यहां लेकर रहा और वहां उसका गर्भपात कराया गया। इसके बाद उसे दिल्ली भेज दिया। कोर्ट मैरिज के नाम पर फिर मेरठ बुलाया पीड़िता के मुताबिक, 17 जून को राहुल ने फिर फोन किया और कहा कि दोनों कोर्ट मैरिज करेंगे। वह उसे मेरठ बुलाकर मंगल पांडे नगर के होटल में ले गया। वहां कोर्ट में हड़ताल होने की बात कहकर दो दिन रुकने के लिए कहा। युवती का आरोप है कि इस दौरान राहुल ने उसके साथ दोबारा संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि तीन दिन तक होटल में रखने और शारीरिक संबंध बनाने के बाद राहुल ने शादी से इनकार कर दिया। विरोध करने पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद युवती ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस बुला ली। पार्षद पर भी धमकी देने का आरोप पीड़िता का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने के बाद राहुल ने एक भाजपा पार्षद को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि पार्षद ने उसे जेल भिजवाने की धमकी दी और कथित तौर पर उसे बांग्लादेशी बताते हुए अपशब्द कहे। युवती के मुताबिक, उसे यह भी कहा गया कि पुलिस राहुल का कुछ नहीं करेगी। युवती ने अगले दिन मेडिकल थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन उसका आरोप है कि पुलिस ने भाजपा नेता के दबाव में तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया। पीड़िता के मुताबिक, वह करीब दो महीने तक पुलिस अधिकारियों और थाने के चक्कर काटती रही। एसएसपी के आदेश पर मुकदमा, गिरफ़्तारी नहीं पीड़िता ने 16 सितंबर को एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति से शिकायत की। युवती के अनुसार, एसएसपी ने मेडिकल पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद मेडिकल थाने में मामला दर्ज किया गया। हालांकि, पीड़िता का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी राहुल और अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़िता ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि भाजपा पार्षद के कथित दबाव के कारण कार्रवाई आगे नहीं बढ़ रही है। उसका कहना है कि उसे अब भी अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही है और उसे न्याय के लिए लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User