शिवसेना ने मनाई शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती:मुजफ्फरनगर में शिवसैनिकों ने चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया नमन
मुजफ्फरनगर में शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर सोमवार को शिवसेना के पश्चिम प्रदेश कार्यालय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। बारिश की वजह से कार्यक्रम निर्धारित समय के बजाए शाम करीब 5 बजे आयोजित किया गया। शिवसैनिकों ने भगत सिंह के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया और देश की आजादी के लिए उनके योगदान और संघर्ष को याद किया। कार्यक्रम प्रदेश प्रमुख ललित मोहन शर्मा के आह्वान पर आयोजित हुआ। इस दौरान शिवसेना के प्रदेश महासचिव बिट्टू सिखेड़ा ने कहा कि भगत सिंह के व्यक्तित्व और योगदान के बारे में कुछ भी कहना सूर्य के सामने दीपक जलाने के समान है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने कम उम्र में ही अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया और देश की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। बिट्टू सिखेड़ा ने कहा कि भगत सिंह का जीवन साहस, त्याग और देशभक्ति की प्रेरणा देता है। उनका बलिदान केवल इतिहास का हिस्सा नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। युवाओं को उनके विचारों और संघर्ष को समझकर देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझना चाहिए। शिवसेना जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी ने युवाओं से भगत सिंह के जीवन संघर्ष और देश के प्रति उनके समर्पण से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्र और समाज के हित में सकारात्मक भूमिका निभाएं और भगत सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का प्रयास करें। कार्यक्रम में भगत सिंह के बलिदान को नमन करते हुए उनके विचारों को युवाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। इस दौरान प्रमोद अग्रवाल, मंगत सिंह, देवेंद्र चौहान, सोनू कश्यप, रविंद्र कुमार, जसविंदर सिंह, मंगतराम और सविता गौतम सहित अन्य शिवसैनिक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)