मिल्कीपुर में घूर गड्ढे की जमीन से हटा अवैध कब्जा:सालों से मिल रही थीं शिकायतें, फिर भी नहीं हो रही थी कार्यवाही

Sep 28, 2026 - 18:46
0
मिल्कीपुर में घूर गड्ढे की जमीन से हटा अवैध कब्जा:सालों से मिल रही थीं शिकायतें, फिर भी नहीं हो रही थी कार्यवाही
अयोध्या जिले के मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के तेंधा गांव में घूर गड्ढे के लिए दर्ज भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को तहसील प्रशासन ने सोमवार 28 सितंबर की शाम जेसीबी की मदद से हटवा दिया। तेंधा बाजार निवासी कृष्ण कुमार पर गाटा संख्या 298 की भूमि पर कब्जा कर भूसा रखने का आरोप था। तहसीलदार मिल्कीपुर राजीव वर्मा की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कुमारगंज थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। बताया गया कि तेंधा गांव निवासी गुरशरण यादव ने घूर गड्ढे की भूमि से कब्जा हटवाने के लिए पहले तहसील प्रशासन और बाद में जिला प्रशासन से सैकड़ों बार शिकायत की थी। शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में जनहित याचिका दाखिल की। याचिका पर सुनवाई के दौरान न्यायालय ने मामले का संज्ञान लिया और जिला प्रशासन अयोध्या को आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित भूमि को कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद तहसील प्रशासन ने मामले में कार्रवाई शुरू की। सोमवार शाम तहसीलदार राजस्व और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने गाटा संख्या 298 की भूमि की स्थिति देखी और जेसीबी मशीन से वहां रखे भूसे को हटवाते हुए कथित अतिक्रमण को खाली कराया। कार्रवाई के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ भी जुटी रही। वहीं, कृष्ण कुमार यादव के परिजनों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जिस नंबर की भूमि को घूर गड्ढे के रूप में दर्ज बताया जा रहा है, उसी में पंचायत सचिवालय का निर्माण भी हुआ है। परिजनों का दावा है कि गांव में अन्य लोगों ने भी इसी तरह भूमि पर कब्जा कर रखा है, लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User