मिर्जापुर में समूह सखियों का प्रदर्शन:2 हजार में काम नहीं, 20 हजार से कम नहीं का नारा लगाया, कार्य बहिष्कार की चेतावनी
मिर्जापुर के नारायणपुर, जमालपुर एवं मझवा समेत विभिन्न विकासखंडों से दोपहर करीब 3 बजे जिला मुख्यालय पहुंचीं समूह सखियों ने सोमवार को अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय पहुंची समूह सखियों ने नारेबाजी करते हुए मानदेय बढ़ाने और अपनी समस्याओं का समाधान किए जाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कहा कि जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन इसके अनुरूप मानदेय नहीं दिया जा रहा है। समूह सखियों ने प्रदर्शन के दौरान “दो हजार में काम नहीं, 20 हजार से कम नहीं” का नारा लगाया। उनका कहना था कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को सरकारी योजनाओं और समूह की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं। इसके बावजूद उन्हें मिलने वाली राशि उनकी मेहनत और जिम्मेदारियों के अनुरूप नहीं है। बढ़ती जिम्मेदारियों के बीच मानदेय बढ़ाने की मांग समूह सखियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के बीच समन्वय बनाने, समूह की गतिविधियों को संचालित कराने और विभिन्न कार्यों में सहयोग करने की जिम्मेदारी उनके ऊपर रहती है। कई बार उन्हें गांव-गांव जाकर कार्य करना पड़ता है। इसके लिए समय और संसाधन भी खर्च होते हैं। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि कम मानदेय में परिवार की जिम्मेदारियों के साथ इस काम को लगातार करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने तथा मानदेय में बढ़ोतरी किए जाने की मांग की। जिला प्रशासन को सौंपा पत्रक प्रदर्शन के बाद समूह सखियों ने जिला प्रशासन को अपनी मांगों से संबंधित पत्रक सौंपा। इसमें उनकी समस्याओं का समाधान कराने और आर्थिक स्थिति को देखते हुए मानदेय बढ़ाए जाने की मांग की गई। समूह सखियों ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्याओं को शासन तक पहुंचाकर उचित कार्रवाई कराएगा। जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन के दौरान समूह सखियों ने काफी देर तक नारेबाजी की। विभिन्न ब्लाकों से आई महिलाओं के एकजुट होकर आवाज उठाने से जिला मुख्यालय पर उनकी मांग चर्चा का विषय बनी रही। समूह सखियों ने कहा कि मांग पूरी होने तक वे अपनी आवाज उठाती रहेंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)