पांच टीमों ने उत्तराखंड के लोकगीतों पर नृत्य किया:लखनऊ महोत्सव में सीएम धामी ने 4 लोगों को सम्मानित किया
उत्तराखंड महोत्सव के नवम दिवस पर मंगलवार को लोकसंस्कृति और कला का संगम देखने को मिला। उत्तराखंड के पारंपरिक गीतों पर पांच टीमों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। डांस उत्तराखंड डांस प्रतियोगिता की प्रतिभागी टीमों ने लोकनृत्य से दर्शकों का ध्यान खींचा। कार्यक्रम में पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली चार विभूतियों को सम्मानित किया। चार विभूतियों को किया सम्मानित मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी किशोर पंत को भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत स्मृति सम्मान-2026 प्रदान किया। रंगमंच और अभिनय के क्षेत्र में योगदान के लिए ललित सिंह पोखरिया को रंगकर्मी सम्मान दिया गया। साहित्य और कविता के जरिए लोकसंस्कृति को समृद्ध करने के लिए धन सिंह मेहता 'अंजान' को साहित्य प्रहरी सम्मान मिला। वहीं, संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में 26 वर्षों के योगदान के लिए उत्तराखंड महापरिषद के सांस्कृतिक सचिव महेंद्र सिंह गैलाकोटी को संस्कृति प्रहरी सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। साल में दो बार पैतृक गांव जरूर जाएं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के लोगों से साल में कम से कम दो बार अपने पैतृक गांव जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपनी जन्मभूमि और गांव की मिट्टी से जुड़े रहना जरूरी है। गांव के लोगों से मिलें और नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों की भूमि, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराएं। इससे गांवों से जुड़ाव बना रहेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। 78 वर्षों से संस्कृति को सहेज रही महापरिषद उत्तराखंड महापरिषद के महासचिव भरत सिंह बिष्ट ने कहा कि लखनऊ में रहने वाले उत्तराखंडवासी अपनी जन्मभूमि से दूर होने के बावजूद अपनी माटी, हिमालय और लोकसंस्कृति से जुड़े हैं। वर्ष 1948 में स्थापित महापरिषद 78 वर्षों से उत्तराखंड की संस्कृति, भाषा, लोककला और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ा रही है। महोत्सव का उद्देश्य इस विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास, पर्यटन, तीर्थाटन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रयासों की सराहना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)