पेड़ सहित बिजली खंभा गिरने से एक व्यक्ति की मौत:सीतापुर में दुकान खोलने जाते समय हुआ हादसा, पेड़ हटाकर ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल

Sep 27, 2026 - 13:09
0
पेड़ सहित बिजली खंभा गिरने से एक व्यक्ति की मौत:सीतापुर में दुकान खोलने जाते समय हुआ हादसा, पेड़ हटाकर ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
सीतापुर के महोली कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 9:30 बजे तेज हवाओं के बीच पुराना पेड़ बिजली के खंभे पर गिर गया। पेड़ के साथ बिजली का खंभा भी सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान वहां से गुजर रहे 45 वर्षीय युवक नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने किसी तरह पेड़ की टहनियां हटाकर उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अल्लीपुर निवासी राजेश कुमार (45) रविवार सुबह घर से तैयार होकर अपनी परचून की दुकान खोलने के लिए निकले थे। बताया जाता है कि वह रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। तेज हवा के कारण रास्ते के किनारे खड़ा पुराना पेड़ बिजली के खंभे पर जा गिरा। पेड़ का वजन पड़ने से बिजली का खंभा भी टूटकर नीचे गिर गया और उसकी चपेट में राजेश कुमार आ गए। अचानक हुए हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया। काफी प्रयास के बाद पेड़ की भारी टहनियों को हटाकर राजेश को बाहर निकाला गया। वह उस समय गंभीर रूप से घायल थे। ग्रामीण उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महोली लेकर पहुंचे। सीएचसी पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। वहीं हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली के खंभे और गिरे पेड़ को हटाकर रास्ता साफ कराने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User