फिरोजाबाद में मुठभेड़ में चोरी का आरोपी जाकिर गिरफ्तार:कैंटर चोरी के मामले में था वांछित, तमंचा और कारतूस बरामद
फिरोजाबाद में कैंटर चोरी के मामले में वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। रामगढ़ पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी के उपकरण और 12,100 रुपए बरामद किए हैं। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जाटवपुरी चौराहे से चोरी हुआ था कैंटर पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर 2026 को एक व्यक्ति ने रामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि उसके चचेरे भाई का कैंटर जाटवपुरी चौराहे के पास सर्विस रोड पर खड़ा था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति कैंटर चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले के खुलासे के लिए SSP आदित्य लांग्हे के निर्देशन में रामगढ़ पुलिस और सर्विलांस टीम को लगाया गया। जांच के दौरान जाकिर हुसैन का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि कैंटर चोरी के मामले में वांछित आरोपी साती रोड के पास किसी अन्य चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने साती रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास से नगला मिलिक जाने वाले रास्ते पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। पुलिस के मुताबिक, भागते समय वह फिसलकर गिर गया। खुद को घिरा देखकर उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान जाकिर हुसैन पुत्र सफी मोहम्मद के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। तमंचा, कारतूस और चोरी के उपकरण बरामद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक लोहे का जैक, एक लोहे की रॉड, दो पेचकश और एक व्हील पाना भी मिला है। पुलिस ने एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड की छायाप्रति और 12,100 रुपए नकद भी बरामद किए हैं। पहले भी दर्ज है चोरी का मुकदमा पुलिस के मुताबिक, जाकिर हुसैन मूल रूप से एटा जिले के अवागढ़ थाना क्षेत्र के पोंडरी गांव का रहने वाला है। वह वर्तमान में फिरोजाबाद के जसराना थाना क्षेत्र के पौतपुरी मोहल्ले में रह रहा था। उसके खिलाफ मटसेना थाने में चोरी से संबंधित मुकदमा भी दर्ज है। इसके अलावा वह रामगढ़ थाने में दर्ज कैंटर चोरी के मुकदमे में वांछित था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई SSP आदित्य लांग्हे के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में ये रहे शामिल कार्रवाई में रामगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक शेरपाल सिंह, उपनिरीक्षक अचल कुमार, आदित्य चौधरी, रोहित तोमर, तरुण अहलावत और कांस्टेबल रॉकी तोमर, शुभम तेवतिया व दीपक कुमार शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)