प्रयागराज के कमिश्नर आवास में दीवान की मौत:बारिश के बीच पेड़ की डाल गिरी, अस्पताल ले जाने से पहले थमी सांसें

Sep 26, 2026 - 17:03
0
प्रयागराज के कमिश्नर आवास में दीवान की मौत:बारिश के बीच पेड़ की डाल गिरी, अस्पताल ले जाने से पहले थमी सांसें
प्रयागराज के मंडलायुक्त कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव पर सवाल खड़ा करने वाला एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। ड्यूटी के दौरान शौचालय की ओर जा रहे हेड कांस्टेबल इंद्रमणि तिवारी पर अचानक पेड़ की भारी डाल गिर गई। गंभीर रूप से घायल हेड कांस्टेबल को तत्काल एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है। ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा महोबा जिले के कुलपहाड़ क्षेत्र के रहने वाले 59 वर्षीय इंद्रमणि तिवारी पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल थे और मंडलायुक्त कार्यालय में गार्द कमांडर के रूप में तैनात थे। शुक्रवार शाम करीब सात बजे वह लघुशंका के लिए शौचालय की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक पेड़ की एक बड़ी डाल टूटकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथियों ने पहुंचाया अस्पताल हादसे के बाद कार्यालय में मौजूद पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन में पूरे सम्मान के साथ हेड कांस्टेबल इंद्रमणि तिवारी को शोक सलामी दी गई। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव भेज दिया गया। परिवार में मचा कोहराम इंद्रमणि तिवारी अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी का परिवार छोड़ गए हैं। उनका एक बेटा उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है, जबकि दूसरा पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा है। बेटी की शादी हो चुकी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रखरखाव पर उठे सवाल मंडलायुक्त कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में पेड़ की भारी डाल गिरने से हुई इस मौत ने परिसर के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि समय रहते पेड़ों की छंटाई और नियमित निरीक्षण कराया जाता, तो इस तरह की दुखद घटना से बचा जा सकता था। प्रतिसार निरीक्षक ने की पुष्टि प्रतिसार निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि हेड कांस्टेबल इंद्रमणि तिवारी की ड्यूटी मंडलायुक्त कार्यालय में थी। ड्यूटी के दौरान पेड़ की डाल गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User