कन्नौज में गरीबों के घर राशन लेकर पहुंची पुलिस:2 दिन से नहीं जला था चूल्हा, थाना प्रभारी ने 5 परिवारों की मदद की

Sep 26, 2026 - 17:03
0
कन्नौज में गरीबों के घर राशन लेकर पहुंची पुलिस:2 दिन से नहीं जला था चूल्हा, थाना प्रभारी ने 5 परिवारों की मदद की
यूं तो किसी के दरबाजे पर यदि पुलिस की गाड़ी अचानक से पहुंच जाए तो लोगों के जेहन में दबिश या वारंट की संभावना पनप जाती है, लेकिन कन्नौज जिले की सकरावा थाना पुलिस आपदा के समय जब गरीबों के आशियाने पर पहुंची तो उनके चेहरे खिल गए। दरअसल यहां थाना पुलिस कार्यवाही के मकसद से नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के दरवाजे पर उनकी मदद करने और राशन देने पहुंची थी। कन्नौज जिले भर में पिछले 2 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। लोग काम पर नहीं जा पा रहे। ऐसे में सबसे अधिक मुसीबत उन गरीब परिवारों के सामने हैं, जिनके घर का मुखिया मजदूरी से रोज जो कमाता है, उसी पैसे से चूल्हा जलता है। 2 दिनों से चूल्हा नहीं जला पिछले दो दिनों से भीषण बारिश के चलते कुछ गरीब परिवार ऐसे भी हैं, जिन्हें न मजदूरी मिल पा रही और न ही उनके घरों का चूल्हा जल पाया। ऐसे में सकरावा थाना प्रभारी भागमल सिंह ने उन परिवारों की मदद करने का मन बनाया, जिनके यहां 2 दिनों से चूल्हा नहीं जला। उन्होंने पुलिस टीम के साथ बाजार से खुद के पैसों से राशन खरीदा और क्षेत्र के मुहद्दीनगर, रिहारी व फतेहपुर गांव के रहने वाले मजदूरों के 5 परिवारों में वितरण करवा दिया। इसके अलावा उन्होंने ऐसे जरूरतमंद परिवारों को चिन्हित करने के लिए भी पुलिस टीम को बोला है, जिनके हैं इस भीषण बारिश के कारण राशन की व्यवस्था नहीं है। थानाध्यक्ष भागमल सिंह ने दैनिक भास्कर से बात करते हुए बताया कि ऐसे विकट समय मे सबसे अधिक मुसीबत गरीब और मजदूर परिवारों के सामने होती है। घरों तक राशन पहुंचाएंगे इसी को देखते हुए हम लोगों ने निर्णय लिया कि क्षेत्र में किसी गरीब का यदि ऐसा घर पता चलेगा, जहां बारिश और गरीबी के कारण खाने की व्यवस्था नहीं है, तो ऐसे परिवारों की हम लोग मदद करेंगे और उनके घरों तक राशन पहुंचाएंगे। थानाध्यक्ष के इस प्रयास की क्षेत्र के लोग प्रशंशा भी कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User