प्रयागराज में बेटी की शादी के दिन पिता की मौत:4 ट्रकों ने कुचला; ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जांच की मांग की
प्रयागराज में बेटी की शादी के दिन ट्रक की चपेट में आने से पिता की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर जांच कराने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। दुकान से घर लौटते समय हुआ हादसा बिझवनिया पुर, जरांव, धनूपुर निवासी रामनरेश यादव पुत्र झरीहर यादव किसी काम से दुकान गए थे। बीती रात वह पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक मोड़ पर ट्रक की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि उनके ऊपर से करीब चार ट्रक गुजर गए। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। फॉरेंसिक जांच की मांग पर सड़क जाम घटना की जानकारी मिलने के बाद सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। उन्होंने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम बुलाकर जांच कराने की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। सूचना पर हंडिया पुलिस बल के साथ प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, परिजन फॉरेंसिक टीम से जांच कराने के बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की मांग पर अड़े रहे। आज होनी थी बेटी पूनम की शादी रामनरेश यादव की दूसरे नंबर की बेटी पूनम यादव (22) की शादी आज होनी थी। भदोही के सुभाष नगर से बारात आने वाली थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं। रामनरेश की बड़ी बेटी रेखा की शादी पहले ही हो चुकी है। परिवार में तीसरी बेटी कोमल (20) और दो बेटे पवन (18) व अक्षय (16) हैं। रामनरेश मुंबई में एक निजी कंपनी में नौकरी करके परिवार का खर्च चलाते थे। पहले पत्नी और भाई को भी खो चुके थे रामनरेश परिवार पर दुखों का सिलसिला पहले से ही जारी था। बीते 23 अक्टूबर को रामनरेश की पत्नी नगीना देवी की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। इसके बाद 18 नवंबर को बीमारी के चलते उनके भाई राकेश यादव का भी निधन हो गया था। अब बेटी की शादी से ठीक पहले रामनरेश की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। कौन सा ट्रक बना मौत की वजह, पुलिस कर रही जांच बताया जा रहा है कि घटनास्थल से तीन ट्रक आगे निकल गए थे। चौथे ट्रक के चालक ने शव देखकर अपना वाहन रोक दिया था। ऐसे में यह जांच का विषय बना हुआ है कि आखिर किस ट्रक की चपेट में आने से रामनरेश की मौत हुई। पुलिस ने एक ट्रक और उसके चालक को कब्जे में लिया है। फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल की जांच कराई जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और जिम्मेदार वाहन की पहचान करने में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)