राहुल गांधी बोले- टॉप लेवल से वोट चोरी हो रही:गरीबों के नाम वोटर लिस्ट से काटे जा रहे; CEC के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा

Oct 27, 2026 - 15:42
0
राहुल गांधी बोले- टॉप लेवल से वोट चोरी हो रही:गरीबों के नाम वोटर लिस्ट से काटे जा रहे; CEC के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा
विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को दिल्ली के त्रिलोकपुरी ब्लॉक-20 में ‘वोट अधिकार, जीने का अधिकार’ जनसुनवाई के दौरान कहा कि गरीबों के नाम जानबूझकर वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा- हम लंबे समय से यह मुद्दा उठाते रहे हैं, लेकिन अब पूरा देश समझने लगा है कि टॉप लेवल से वोट चोरी हो रही है। उन्होंने कहा- पूरा विपक्ष एकजुट है। जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते या पीएम मोदी उन्हें पद से नहीं हटाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। राहुल बोले- गरीबों के अधिकार और सुविधाएं छीनी जा रहीं राहुल गांधी ने कहा- गरीब लोगों के नाम जानबूझकर वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं और उनके अधिकार और सुविधाएं छीनी जा रही हैं। ऐसा क्यों? नया हिंदुस्तान बनाने के लिए, जो कुछ चुनिंदा अरबपतियों का हो। जहां आम नागरिकों और गरीबों के कोई अधिकार न हों और देश सिर्फ अरबपतियों के लिए चलाया जाए। उन्होंने जनसुनवाई का जिक्र करते हुए कहा- आज आपने जो बैठक और जनसुनवाई आयोजित की, उसने देश के सामने इस सच्चाई को बहुत स्पष्ट तरीके से रखा है। सिर्फ चार बूथों पर 416 वोटरों के नाम अवैध रूप से काटे गए। राहुल बोले- ज्ञानेश कुमार सवालों का जवाब नहीं देते CEC ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा- हमने ज्ञानेश कुमार जी से इस बारे में सवाल किए। ज्ञानेश कुमार जी जवाब नहीं देते। वे छिपते हैं। राहुल गांधी ने जनसुनवाई में शामिल लोगों का धन्यवाद किया और कहा कि वे लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ रहे हैं। इस दौरान ‘वोट का अधिकार, जीने का अधिकार’ के नारे भी लगाए गए। SIR के खिलाफ विपक्ष का आंदोलन जारी विपक्षी INDIA ब्लॉक मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और वोटरों के नाम काटे जाने में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है। कांग्रेस ने 30 अक्टूबर को CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग जैसी सार्वजनिक कार्यवाही करने की योजना बनाई है। इसके बाद 1 नवंबर को ‘दिल्ली चलो’ मार्च और रामलीला मैदान में जनसभा प्रस्तावित है। इस बीच दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली की अनुमति वापस नहीं ली गई है। पुलिस के मुताबिक, पहले दी गई अनुमति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। अशोका होटल में प्रस्तावित मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम पर पुलिस सूत्रों ने कहा कि यह मामला होटल पर निर्भर करता है, क्योंकि परिसर निजी संपत्ति है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User