गोंडा में 208 जोड़े विवाह बंधन में बंधे:191 हिंदू और 17 मुस्लिम जोड़ों की शादी, नवदंपतियों को मिले उपहार
गोंडा जिले में मंगलवार दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक जिला प्रशासन की ओर से एक निजी पैराडाइज में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के तहत शादियां कराई गईं। कार्यक्रम के लिए करीब 400 हिंदू और मुस्लिम जोड़ों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से सत्यापन के बाद कुल 208 जोड़ों (191 हिंदू और 17 मुस्लिम) का उनके धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दयानंद प्रसाद और सांसद प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों और अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की कन्याओं का विवाह सम्मानपूर्वक कराया जा रहा है। योजना के प्रावधानों के अनुसार नवविवाहित जोड़ो के बैंक खातों में निर्धारित सहायता राशि भेजी जा रही है, साथ ही उपहार स्वरूप आभूषण, घरेलू सामान और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी प्रदान की गईं। कार्यक्रम स्थल पर वर-वधू और उनके परिजनों के भोजन व अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई खामी पाई गई तो संबंधित के खिलाफ जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्लॉक स्तर पर पूर्ण भौतिक सत्यापन के बाद ही जोड़ों को विवाह की अनुमति दी जाती है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र गरीब परिवार आर्थिक तंगी के कारण विवाह से वंचित न रहे। यह अभियान आगे भी विभिन्न चरणों में जारी रहेगा। समारोह में भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर कोतवाली पुलिस और सद्भावना पुलिस चौकी के जवानों को मौके पर तैनात किया गया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)