घर के गेट पर लगे ट्रांसफार्मर में लगी आग:इटावा में महिला धरने पर बैठी, बोली- दूसरी जगह लगाएं
इटावा फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के पचावली मोहल्ले में बीते सोमवार शाम 6 बजे एक महिला के घर के गेट के पास रखे ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई। आग की लपटों और चिंगारियों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। घटना के बाद मकान मालकिन बृजरानी शाक्य ट्रांसफार्मर को दूसरी सुरक्षित जगह शिफ्ट करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गईं। उनका आरोप है कि वह पहले भी कई बार बिजली विभाग में शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। परिवार की सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची आग की चिंगारियां और पिघला गर्म खोल मकान के पास गिरने से परिवार दहशत में आ गया। घर में मौजूद तीन बहनें और उनका छोटा भाई डर के कारण छत पर चढ़ गए। परिवार की सूचना पर बिजली विभाग और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। इससे पूरे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। आग बुझने के बाद बिजली विभाग के कर्मचारी जले ट्रांसफार्मर को बदलने पहुंचे तो बृजरानी ने विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि ट्रांसफार्मर मकान के गेट के बेहद करीब है, जिससे परिवार की सुरक्षा को खतरा बना रहता है। पहले भी कई बार शिकायती पत्र दिए उन्होंने बताया कि स्थान बदलवाने के लिए पहले भी कई बार शिकायती पत्र दिए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। बिजली गुल रहने से परेशान मोहल्लेवासियों और महिला के बीच विवाद की स्थिति बनने पर उन्होंने 112 पर सूचना दी। उपनिरीक्षक भारत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाया। पुलिस ने बिजली विभाग के जेई से वार्ता कर समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिलाया। तत्काल दूसरी जगह उपलब्ध नहीं होने के कारण फिलहाल उसी स्थान पर नया ट्रांसफार्मर लगवाया गया। रात करीब 10 बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)