संभल में 25 साल बाद तालाब की भूमि कब्जा मुक्त:450 वर्गमीटर भूमि, 50 पुलिसकर्मी तैनात; दो लोग हिरासत में
संभल में मुरादाबाद रोड पर स्थित बेगमपुर गांव में प्रशासन ने 25 साल बाद तालाब की जमीन को कब्जा मुक्त कराया। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह राजस्व टीम और तीन थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। कार्रवाई का विरोध कर रहे एक महिला सहित दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रशासन ने दो बुलडोजर की मदद से जमीन से कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की। मुक्त कराई जा रही भूमि की बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है। मामला संभल कोतवाली क्षेत्र से करीब ढाई किलोमीटर दूर बेगमपुर गांव का है। यहां गाटा संख्या 523 में दर्ज तालाब की करीब 450 वर्गमीटर भूमि पर लंबे समय से कब्जा होने की बात सामने आई थी। एसडीएम कोर्ट संभल से बेदखली के आदेश जारी होने के बाद तहसीलदार राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जमीन खाली कराने की कार्रवाई की। तीन थानों की पुलिस रही तैनात कार्रवाई के दौरान इंस्पेक्टर मोहित चौधरी, महिला थाना प्रभारी मंजू देवी और हयातनगर थाने की पुलिस मौजूद रही। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 50 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इनमें 18 महिला कांस्टेबल और पीएसी के 20 जवान शामिल थे। कार्रवाई के दौरान कब्जाधारी बताए जा रहे ग्रामीण दंपती ने विरोध किया, जिसके बाद पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष को हिरासत में ले लिया। आठ लोगों के कब्जे में थी जमीन प्रशासन के अनुसार, गांव फिरोजपुर, थाना हजरतनगर गढ़ी, तहसील संभल निवासी श्रीराम के पुत्र रामचंद्र के परिवार से जुड़े राकेश, नरेश, धर्मपाल, योगेश, रामेश्वर, वीरपाल, राजेंद्र और गोपाल का इस जमीन पर करीब 25 साल से कब्जा था। कार्रवाई के दौरान बेगमपुर गांव में पुलिस और प्रशासन की बड़ी मौजूदगी रही। तालाब के मूल स्वरूप में बदली जाएगी भूमि तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि संभल-मुरादाबाद रोड के किनारे गाटा संख्या 523 की भूमि राजस्व अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज है। एसडीएम कोर्ट से बेदखली के आदेश मिलने के बाद प्रशासन कब्जा लेने पहुंचा है। उन्होंने बताया कि जमीन खाली कराने के बाद इसे तालाब के मूल स्वरूप में परिवर्तित किया जाएगा। प्रशासन के मुताबिक, जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने जिले के सभी तालाबों को कब्जा मुक्त कराने और उनके सौंदर्यीकरण की योजना तैयार करने के निर्देश एसडीएम और तहसीलदारों को दिए हैं। इसी अभियान के तहत बेगमपुर में भी कार्रवाई की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)