राहुल गांधी के खिलाफ BJP ने खोला मोर्चा:चुनाव आयोग के मुद्दे पर किया पलटवार,महापौर बोलीं-बीजेपी जीते तो EVM पर सवाल

Sep 28, 2026 - 17:26
0
राहुल गांधी के खिलाफ BJP ने खोला मोर्चा:चुनाव आयोग के मुद्दे पर किया पलटवार,महापौर बोलीं-बीजेपी जीते तो EVM पर सवाल
कानपुर में चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाने और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने के आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी और INDIA ब्लॉक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में महापौर प्रमिला पांडेय और कानपुर जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार से हताश विपक्ष अपनी नाकामी छिपाने के लिए चुनाव आयोग और ईवीएम को लेकर भ्रम फैला रहा है। राहुल गांधी और INDIA ब्लॉक पर हमला महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि चुनाव आयोग ने विपक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों पर अपना पक्ष स्पष्ट किया है। इसके बावजूद कांग्रेस और उसके सहयोगी दल संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष कभी ईवीएम तो कभी चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है। जिन राज्यों में विपक्ष की सरकार बनती है, वहां चुनाव आयोग पर कोई सवाल नहीं उठाया जाता, लेकिन भाजपा की जीत पर ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया को लेकर आरोप लगाए जाते हैं। महापौर बोलीं- विपक्ष फैला रहा भ्रम महापौर ने कहा कि कांग्रेस को जनता ने पूरी तरह खारिज कर दिया है, इसलिए विपक्ष बौखलाहट में इस तरह के आरोप लगा रहा है। उन्होंने महिला सम्मान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि महिलाओं का अपमान करने वाली राजनीति को देश की 50 प्रतिशत आबादी कभी नहीं भूलेगी। उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में देश विकास के मामले में पिछड़ा रहा, जबकि भाजपा सरकार ने देश को आगे बढ़ाने का काम किया है। जनता को गुमराह करता है विपक्ष- स्वप्निल वरुण वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही विपक्ष जनता के बीच नए नैरेटिव गढ़ने और भ्रम फैलाने की कोशिश करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चुनाव के दौरान संविधान बदलने और आरक्षण खत्म करने की अफवाहें फैलाई गईं, जबकि ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं था। स्वप्निल वरुण ने कहा कि अब विपक्ष ईवीएम हैक होने और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय विपक्ष को अपनी चुनावी नाकामी पर आत्ममंथन करना चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User